PM मोदी का धन्यवाद करते हुए भावुक हुई नाबालिग लड़की की मां, बोलीं- मेरी बेटी को नया जीवन मिला

PM मोदी का धन्यवाद करते हुए भावुक हुई नाबालिग लड़की की मां, बोलीं- मेरी बेटी को नया जीवन मिला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अभद्र टिप्पणी करने वाले वायरल वीडियो में दिखाई देने वाली नाबालिग लड़की की मां ने प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया है।

समाचार एजेंसी से बातचीत में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने उनकी बेटी को माफ कर बड़ा दिल दिखाया है। उन्होंने कहा कि बदला लेने के बजाय माफी का रास्ता चुनकर पीएम मोदी ने उनकी बेटी को नई जिंदगी दी है।

‘आज मेरी बेटी को नया जीवन मिला’

लड़की की मां ने कहा कि उनकी बेटी से बड़ी गलती हुई थी, लेकिन प्रधानमंत्री ने उसे माफ कर दिया। उनके मुताबिक, यह उनकी बेटी के लिए नए जन्म जैसा है और वह इसके लिए हमेशा प्रधानमंत्री की आभारी रहेंगी।

प्रधानमंत्री से की भावुक अपील

बातचीत के दौरान लड़की की मां ने प्रधानमंत्री से भावुक अपील करते हुए कहा कि अगर संभव हो तो वे उनकी बेटी को गोद ले लें। उनका कहना था कि प्रधानमंत्री के फैसले से उनकी बेटी का भविष्य बच गया है।

सोशल मीडिया को लेकर जताई चिंता

लड़की की मां ने बच्चों के सोशल मीडिया इस्तेमाल पर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कम उम्र के बच्चे आसानी से गलत संगत और गलत जानकारी के प्रभाव में आ सकते हैं। इसी वजह से उन्होंने बच्चों के लिए इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर रोक लगाने की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान कुछ आपत्तिजनक नारे लगाए गए

बता दें कि यह मामला उस समय सामने आया था जब जंतर-मंतर पर नीट-यूजी पेपर लीक के विरोध में कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेतृत्व में छात्र प्रदर्शन किया गया था. इसी प्रदर्शन के दौरान कुछ आपत्तिजनक नारे लगाए गए थे, जिनमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी निशाना बनाया गया था.

इसके बाद प्रधानमंत्री मोदी ने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया और लोगों से संयम बरतने की अपील की. उन्होंने कहा कि जो लोग इस तरह की बातें कर रहे हैं, वे गुमराह हैं और ऐसे मामलों का जवाब क्रोध या प्रतिशोध से नहीं दिया जाना चाहिए.

लड़की का एक माफीनामा वीडियो

प्रधानमंत्री के इस मैसेज के बाद उस लड़की का एक माफीनामा वीडियो भी सामने आया. वीडियो में लड़की ने खुद को 15 साल की बताया और स्वीकार किया कि उससे बड़ी गलती हुई है. उसने कहा कि जो कुछ उसने कहा, वह माफी के योग्य नहीं है और उसे अपने किए पर बहुत शर्मिंदगी है. लड़की ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ कनॉट प्लेस गई थी और वहीं से प्रदर्शन में शामिल हो गई.

उसने कहा कि प्रदर्शन के दौरान उसके आसपास मौजूद लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ आपत्तिजनक नारे लगा रहे थे और वह भी उसी माहौल में बह गई. उसने कहा कि यह उसकी पहली और आखिरी गलती है और वह पूरे देश से माफी मांगती है.

अपने किए पर बेहद शर्मिंदा है- लड़की

लड़की ने कहा कि वह अपने किए पर बेहद शर्मिंदा है और लोगों से उसे माफ करने की अपील करती है. उसने यह भी कहा कि अब उसे अपनी गलती का पूरी तरह एहसास हो चुका है. हालांकि माफी मांगने के बावजूद मामला कानूनी रूप से आगे बढ़ चुका है. 23 जुलाई को हुए प्रदर्शन के दौरान लगाए गए कथित आपत्तिजनक नारों को लेकर नोएडा पुलिस स्टेशन में लड़की के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई थी. 

नोएडा पुलिस ने जीरो FIR दर्ज करने के बाद मामला नई दिल्ली के पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन को भेज दिया था. शिकायतकर्ता का आरोप है कि लड़की की टिप्पणियों से प्रधानमंत्री पद की गरिमा को ठेस पहुंची है और इससे समाज में वैमनस्य फैलने तथा सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका है.

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *