देश के कई राज्यों में मानसून का असर तेज हो गया है। केरल और गुजरात में लगातार हो रही भारी बारिश से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और जनजीवन प्रभावित हुआ है।
केरल में 6 लोगों की मौत
केरल में भारी बारिश से जुड़े हादसों में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। राज्य सरकार ने राहत और बचाव के लिए 65 राहत शिविर बनाए हैं, जहां 1,400 से ज्यादा लोगों को सुरक्षित ठहराया गया है।
गुजरात में भी बिगड़े हालात
वहीं, गुजरात के कई जिलों में लगातार बारिश के कारण जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति बन गई है। प्रशासन प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य में जुटा हुआ है।
IMD ने जारी किया अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने केरल और गुजरात के कई जिलों के लिए रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लोगों से सावधानी बरतने और प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।
श्रद्धालुओं के लिए जारी हुई एडवाइजरी
इसके अलावा, भारी बारिश को देखते हुए त्रावणकोर देवस्वोम बोर्ड और पथानामथिट्टा जिला प्रशासन ने 2 और 3 अगस्त को ‘निरापुथरी’ पर्व के अवसर पर सबरीमाला जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए सलाह जारी की है.
12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से कहा है कि वे यात्रा से पहले मौसम की स्थिति को ध्यान में रखें. क्योंकि भारी बारिश, पंपा नदी में बढ़ते जलस्तर और भूस्खलन का खतरा बना हुआ है.
केरल के 12 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड शामिल हैं.

