दिल्ली(DELHI): देश के लाखों युवाओं के लिए शनिवार का दिन बड़ी खुशखबरी लेकर आया। PM नरेंद्र मोदी ने 19वें रोजगार मेले के दौरान 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। यह कार्यक्रम देशभर के 47 अलग-अलग स्थानों पर एक साथ आयोजित किया गया, जहां चयनित अभ्यर्थियों को सरकारी सेवा में शामिल होने का मौका मिला। इन युवाओं की नियुक्ति रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, वित्तीय सेवा विभाग, उच्च शिक्षा विभाग समेत कई केंद्रीय मंत्रालयों और सरकारी संस्थानों में की गई है। यानी अब हजारों युवा सरकारी नौकरी के साथ अपने नये करियर की शुरुआत करेंगे।
“दुनिया भारत के प्रभाव से उत्साहित” : PM मोदी
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये प्रधानमंत्री मोदी ने अपनी हालिया 5 देशों की यात्रा का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दुनिया की बड़ी कंपनियों और वैश्विक नेताओं से बातचीत के दौरान एक बात साफ नजर आई कि आज पूरी दुनिया भारत की तकनीकी प्रगति और बढ़ते प्रभाव को लेकर बेहद उत्साहित है। PM ने कहा, “दुनिया भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनना चाहती है। भारत भी अलग-अलग देशों के साथ साझेदारी बढ़ा रहा है ताकि हमारे युवाओं को ज्यादा अवसर, रोजगार और ग्लोबल एक्सपोजर मिल सके।”
रोजगार मेले से क्या बदल रहा?
केंद्र सरकार का दावा है कि रोजगार मेले भर्ती प्रक्रिया को तेज करने और खाली पदों को जल्दी भरने का बड़ा माध्यम बन रहे हैं। इससे एक तरफ युवाओं को रोजगार मिल रहा है, वहीं सरकारी विभागों की कार्यक्षमता भी मजबूत हो रही है।
NEWSANP के लिए ब्यूरो रिपोर्ट

