प्रेम प्रसंग के शक में तालिबानी सजा: विवाहिता और युवक को अर्धनग्न कर गांव में घुमाया, 40 लोगों पर केस

प्रेम प्रसंग के शक में तालिबानी सजा: विवाहिता और युवक को अर्धनग्न कर गांव में घुमाया, 40 लोगों पर केस

पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र स्थित बूढ़ीडूबा गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। कथित प्रेम संबंध के संदेह में एक विवाहिता और एक युवक के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार किया गया। आरोप है कि दोनों के कपड़े फाड़कर उन्हें अर्धनग्न अवस्था में पूरे गांव में घुमाया गया।

बताया जा रहा है कि कथित प्रेम संबंध से नाराज महिला के पति और उसके सहयोगियों ने दोनों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट तथा सार्वजनिक रूप से अपमानजनक व्यवहार किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई।

सूचना मिलने पर अमड़ापाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पीड़ितों को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराकर मेडिकल जांच के लिए भेजा। पीड़िता के बयान के आधार पर अमड़ापाड़ा थाना में कांड संख्या 49/26 दर्ज किया गया है।

पुलिस ने इस मामले में पांच नामजद आरोपियों सहित 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। सभी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

घटना के सामने आने के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट: जयदेव कुमार | मो.: 9431367232

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *