पाकुड़: पाकुड़ सदर प्रखंड के एक सहायक शिक्षक समेत दो लोगों को असम पुलिस ने जाली नोटों के मामले में गिरफ्तार किया है। दोनों की गिरफ्तारी गुवाहाटी स्थित कामाख्या रेलवे जंक्शन पर चलाए गए एक विशेष अभियान के दौरान की गई। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार लोगों के पास से कुल 7 लाख 37 हजार रुपये के जाली नोट बरामद किए गए हैं।
सहायक शिक्षक गुलाब शेख की हुई गिरफ्तारी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पाकुड़ प्रखंड के नव प्राथमिक विद्यालय केतकापाड़ा के सहायक शिक्षक गुलाब शेख और दयाल दास के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के पास से जाली नोट बरामद किए गए हैं।
जानकारी सामने आने के बाद यह मामला पाकुड़ जिले में भी चर्चा का विषय बना हुआ है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद जाली नोटों का इस्तेमाल कहां और किस उद्देश्य से किया जाना था।
पत्नी के इलाज के लिए छुट्टी पर गए थे शिक्षक
जानकारी के मुताबिक, सहायक शिक्षक गुलाब शेख ने पत्नी के इलाज के लिए स्कूल से एक महीने की छुट्टी ली थी। छुट्टी पर जाने के बाद से उनका मोबाइल फोन बंद बताया जा रहा था, जिसके कारण उनसे संपर्क नहीं हो पा रहा था।
शिक्षक की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आने के बाद शिक्षा विभाग की ओर से भी मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।
शिक्षा विभाग ने कही जांच के बाद कार्रवाई की बात
प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी सुमिता मरांडी ने बताया कि शिक्षक ने पत्नी के इलाज के लिए बाहर जाने का आवेदन देकर छुट्टी ली थी। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। यदि आरोप सही पाए जाते हैं, तो विभागीय नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी कुमार गौरव ने बताया कि असम पुलिस की ओर से उन्हें मामले की जानकारी दी गई है। प्राप्त सूचना के अनुसार पाकुड़ के रहने वाले दयाल दास और सहायक शिक्षक गुलाब शेख को जाली नोट के मामले में गिरफ्तार किया गया है।
जाली नोट नेटवर्क से जुड़े होने की जांच
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी कथित तौर पर जाली नोटों को झारखंड में खपाने की तैयारी में थे। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि दोनों की भूमिका क्या थी और क्या शिक्षक किसी बड़े जाली नोट नेटवर्क से जुड़े हुए थे।
फिलहाल असम पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

