पाकुड़: झारखंड के पाकुड़ जिले के अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र स्थित डूमचीर जेटकाटोला गांव में 21 वर्षीय विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला, जबकि उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रारंभिक स्तर पर हत्या की आशंका से इनकार नहीं किया जा रहा है।
घर के अंदर मिला खून से सना शव
मृतका की पहचान मारुति मरांडी के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही अमड़ापाड़ा थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगड़ा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनाजोड़ी सदर अस्पताल भेज दिया।
मां ने दी घटना की जानकारी
मृतका की मां मरांगमाई हेंब्रम ने बताया कि मारुति उनकी इकलौती बेटी थी। बुधवार सुबह उन्होंने अपनी बेटी को बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ा देखा, जिसके बाद उन्होंने शोर मचाया और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। परिजनों के अनुसार, मारुति की तीन शादियां हो चुकी थीं और वह फिलहाल अपनी मां के साथ रह रही थी
मोबाइल फोन जब्त, सभी पहलुओं पर जांच
पुलिस ने घटनास्थल से मृतका का मोबाइल फोन भी बरामद किया है। कॉल डिटेल, डिजिटल डेटा और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की जांच की जा रही है, ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। स्थानीय लोगों ने सिर पर किसी नुकीले हथियार से हमला किए जाने की आशंका जताई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा
थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगड़ा ने बताया कि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। पुलिस पारिवारिक संबंधों, पूर्व वैवाहिक जीवन और अन्य संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही घटना के कारणों और जिम्मेदार लोगों के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आएगी।

