पाकुड़ में 250 दुकानदारों को मिले छुट्टे नोट, SBI और चैंबर ने चलाया अभियान

पाकुड़ में 250 दुकानदारों को मिले छुट्टे नोट, SBI और चैंबर ने चलाया अभियान

पाकुड़। बाजार में छोटे मूल्यवर्ग के नोटों की उपलब्धता बढ़ाने और दुकानदारों को रोजमर्रा के लेन-देन में होने वाली छुट्टे पैसों की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से पाकुड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स और भारतीय स्टेट बैंक की ओर से विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत करीब 250 दुकानदारों को छोटे मूल्यवर्ग के नोट उपलब्ध कराए गए।

मुख्य बाजार से विभिन्न क्षेत्रों तक पहुंची टीम

अभियान का नेतृत्व पाकुड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष निर्मल जैन और सचिव संजीव कुमार खत्री ने किया। इसमें भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पाकुड़ के शाखा प्रबंधक नीरज कुमार के सहयोग से वित्तीय साक्षरता सलाहकार दिलीप गुप्ता भी शामिल रहे।

चैंबर और एसबीआई के पदाधिकारी मुख्य बाजार से लेकर हरिणडांगा बाजार, रेलवे गेट, सब्जी मंडियों और विभिन्न चौक-चौराहों तक पहुंचे। इस दौरान फल-सब्जी विक्रेताओं, ठेला-रेहड़ी संचालकों, मिठाई दुकानदारों और जनरल स्टोर संचालकों सहित अन्य छोटे व्यापारियों को छोटे मूल्यवर्ग के नोट उपलब्ध कराए गए।

250 दुकानदारों को मिली राहत

अभियान के तहत करीब 250 दुकानदारों को छोटे नोट उपलब्ध कराए गए। चैंबर की इस पहल से छोटे व्यापारियों और ग्राहकों को रोजमर्रा के लेन-देन में छुट्टे पैसे की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है।

छोटे दुकानदारों के लिए रोजाना होने वाले लेन-देन में छोटे नोटों की उपलब्धता महत्वपूर्ण होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए चैंबर और एसबीआई की ओर से यह पहल की गई।

साइबर अपराध से बचाव की भी दी जानकारी

अभियान के दौरान व्यापारियों और आम लोगों को साइबर अपराध से बचाव के प्रति भी जागरूक किया गया। एसबीआई और चैंबर के पदाधिकारियों ने लोगों से अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और बैंक खाते से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की।

लोगों को विशेष रूप से OTP, PIN, पासवर्ड और बैंक खाते की जानकारी किसी को नहीं देने की सलाह दी गई। अनजान कॉल, मैसेज या लिंक के माध्यम से मांगी गई बैंकिंग जानकारी साझा नहीं करने और ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई।

“बैंक खाता आपकी पूंजी है, सतर्क रहें”

पाकुड़ चैंबर ऑफ कॉमर्स और भारतीय स्टेट बैंक की ओर से आम लोगों से बैंकिंग लेन-देन के दौरान सतर्क रहने की अपील की गई। पदाधिकारियों ने कहा कि साइबर अपराध से बचने के लिए बैंकिंग से जुड़ी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करनी चाहिए।

अभियान के दौरान लोगों को संदेश दिया गया “आपका बैंक खाता आपकी पूंजी है, सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।”

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *