खिलाड़ियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी, रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में बनेगा चेंजिंग रूम

खिलाड़ियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी, रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में बनेगा चेंजिंग रूम

पाकुड़: रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में खेल सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए स्थानीय विधायक निशात आलम ने ₹13.41 लाख की लागत से बनने वाले चेंजिंग रूम एवं शौचालय मरम्मत योजना का शिलान्यास किया। इस परियोजना से क्रिकेट, फुटबॉल सहित विभिन्न खेलों से जुड़े खिलाड़ियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी होगी।

खिलाड़ियों को मिलेगी बेहतर बुनियादी सुविधा

शिलान्यास कार्यक्रम में विधायक निशात आलम ने कहा कि सरकार और प्रशासन खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मूलभूत सुविधाओं में सुधार होने से खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर सकेंगे और जिले का नाम राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर रोशन करेंगे।

उन्होंने यह भी कहा कि खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

महिला खिलाड़ियों को होगी विशेष सुविधा

रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में अब तक चेंजिंग रूम नहीं होने के कारण खिलाड़ियों, विशेषकर महिला खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं के दौरान काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसके अलावा स्टेडियम का जर्जर शौचालय भी लंबे समय से खिलाड़ियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था।

इन समस्याओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने अनावद्ध मद से चेंजिंग रूम निर्माण और शौचालय मरम्मत की योजना स्वीकृत की है।

कई अधिकारी और खेल प्रेमी रहे मौजूद

शिलान्यास कार्यक्रम में जिला खेल पदाधिकारी राहुल कुमार, ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंता सुभाष सिंह, कनीय अभियंता सूरज कुमार, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मंसारूल हक, असद हुसैन, वार्ड पार्षद मिथुन मरांडी, शाहिन परवेज, मुख्तार हुसैन, सेमिनुल इस्लाम, मो. सलीम, रियाज अंसारी, प्रमोद डोकानिया, मो. सेराजुल, पियारूल इस्लाम सहित बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी और विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

खिलाड़ियों को जल्द मिलेगा लाभ

चेंजिंग रूम और शौचालय मरम्मत का कार्य पूरा होने के बाद खिलाड़ियों को प्रतियोगिताओं और नियमित अभ्यास के दौरान बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। इससे स्टेडियम का खेल वातावरण और अधिक सुविधाजनक बनने की उम्मीद है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *