पाकुड़: जिले में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इस संबंध में उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में समाहरणालय में गूगल मीट के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय पर्व के सफल, गरिमामय और व्यवस्थित आयोजन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। साथ ही सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए गए।
रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में होगा मुख्य समारोह
बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष स्वतंत्रता दिवस का मुख्य समारोह जिला मुख्यालय स्थित रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। समारोह स्थल पर साफ-सफाई, रंग-रोगन, मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, बैठक व्यवस्था, पेयजल, बिजली, चिकित्सा, सुरक्षा और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई है।
उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव का पर्व है और इसके आयोजन में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ सौंपे गए कार्यों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
10 अगस्त से शुरू होगा परेड का पूर्वाभ्यास
स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर 10 अगस्त से प्रतिदिन सुबह 7 बजे परेड का पूर्वाभ्यास कराया जाएगा। वहीं 13 अगस्त को उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से अंतिम परेड निरीक्षण करेंगे, ताकि मुख्य समारोह से पहले सभी तैयारियों का आकलन किया जा सके।
मैराथन, साइकिलिंग और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे
राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर जिले में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। 13 अगस्त को साइकिलिंग प्रतियोगिता और 14 अगस्त को मैराथन दौड़ आयोजित होगी। दोनों प्रतियोगिताओं में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया जाएगा।
इसी दिन रविन्द्र भवन में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी होगा, जिसमें स्थानीय कलाकार और छात्र-छात्राएं देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देंगे। इसके अलावा स्कूली बच्चों की प्रभात फेरी भी निकाली जाएगी।
स्वतंत्रता सेनानियों का होगा सम्मान, शहर में रहेगी विशेष व्यवस्था
बैठक में निर्णय लिया गया कि 14 अगस्त को स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों को शॉल एवं मिष्ठान्न भेंट कर सम्मानित किया जाएगा। साथ ही जिले में स्थापित वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों की प्रतिमाओं की साफ-सफाई और माल्यार्पण कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
यातायात व्यवस्था को लेकर भी विशेष निर्देश जारी किए गए हैं। 15 अगस्त को सुबह 5 बजे से दोपहर 1 बजे तक शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। नगर परिषद को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा शहर की सजावट और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है।
15 अगस्त को ध्वजारोहण का समय
- उपायुक्त आवासीय कार्यालय – प्रातः 8:05 बजे
- रानी ज्योतिर्मयी स्टेडियम (मुख्य समारोह) – प्रातः 9:05 बजे
- समाहरणालय, पाकुड़ – प्रातः 10:00 बजे
- जिला परिषद कार्यालय – प्रातः 10:25 बजे
- अनुमंडल कार्यालय, पाकुड़ – प्रातः 11:00 बजे
- रेड क्रॉस सोसाइटी – प्रातः 11:20 बजे
- पुलिस लाइन, पाकुड़ – प्रातः 11:30 बजे

