पाकुड़ में नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 20 लीटर स्प्रिट बरामद, एक गिरफ्तार

पाकुड़ में नकली विदेशी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, 20 लीटर स्प्रिट बरामद, एक गिरफ्तार

पाकुड़: जिले के लिट्टीपाड़ा थाना क्षेत्र के करणघाटी गांव में पुलिस ने अवैध रूप से नकली विदेशी शराब बनाने के कारोबार का भंडाफोड़ किया है। कार्रवाई के दौरान 20 लीटर स्प्रिट, बड़ी संख्या में शराब की बोतलें और निर्माण में प्रयुक्त सामग्री बरामद की गई। पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश में छापेमारी जारी है।

गुप्त सूचना पर एसआईटी ने की छापेमारी

पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह के निर्देश पर मिली गुप्त सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने 5 अगस्त को करणघाटी गांव में जितेन साहा और तारेश साहा के घर तथा घर के पीछे बनी झोपड़ी में छापेमारी की।

भारी मात्रा में शराब बनाने की सामग्री बरामद

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 100 खाली 180 एमएल की बोतलें, 40 खाली 375 एमएल की बोतलें, रॉयल स्टेग ब्रांड के स्टिकर, 150 प्लास्टिक ढक्कन, 20 भरी हुई शराब की बोतलें तथा करीब 20 लीटर स्प्रिट बरामद किया। पुलिस के अनुसार इन सामग्रियों का उपयोग नकली विदेशी शराब तैयार करने में किया जा रहा था।

एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरे की तलाश जारी

मौके से तारेश साहा (पिता- स्व. लेगड़ा साहा) को गिरफ्तार कर लिया गया। इस मामले में लिट्टीपाड़ा थाना कांड संख्या 44/26 दर्ज करते हुए भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 274/275 तथा उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a)(b)(d) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं दूसरे आरोपी जितेन साहा की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है।

पुलिस ने कार्रवाई जारी रखने की कही बात

पुलिस ने बताया कि नकली शराब के निर्माण और अवैध कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। मामले की जांच की जा रही है और फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम कार्रवाई कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *