पाकुड़। पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ (पीडीसीए) की कार्यशैली और कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर पूर्व खिलाड़ियों एवं संघ के पुराने सदस्यों का विरोध मंगलवार को सड़क पर देखने को मिला। नाराज पूर्व खिलाड़ियों ने शहर के गांधी चौक पर संघ के सचिव, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष का पुतला दहन कर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों ने वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करने और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उनका आरोप है कि संघ में पारदर्शिता की कमी के कारण जिले के युवा क्रिकेटरों का भविष्य प्रभावित हो सकता है।
15 लाख रुपये से अधिक खर्च का हिसाब नहीं देने का आरोप
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे पूर्व खिलाड़ियों और पुराने सदस्यों ने आरोप लगाया कि वित्तीय वर्ष 2026 में संघ को करीब 18 लाख रुपये प्राप्त हुए थे। इनमें से 15 लाख रुपये से अधिक खर्च दिखाए गए हैं, जबकि इस दौरान महज एक-दो आयोजन ही हुए। प्रदर्शनकारियों के अनुसार, 12 नवंबर को आयोजित बैठक में कोषाध्यक्ष से खर्च के वाउचर और ऑडिट रिपोर्ट मांगी गई थी, लेकिन उन्होंने कथित तौर पर हिसाब देने से इनकार कर दिया। इसी मुद्दे को लेकर सदस्यों ने संघ की वित्तीय गतिविधियों की जांच कराने की मांग उठाई है।
बिना चुनाव पदाधिकारियों की नियुक्ति का दावा
पूर्व खिलाड़ियों ने संघ के पदाधिकारियों की नियुक्ति प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए। उनका आरोप है कि सचिव, उपाध्यक्ष और कोषाध्यक्ष के पदों पर बिना चुनाव और सदस्यों की सहमति के नियुक्ति कर ली गई है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि जिले के लिए लंबे समय तक खेलने वाले पुराने क्रिकेटरों और निशुल्क कोचिंग देने वाले खिलाड़ियों को दरकिनार किया गया है।
इसके साथ ही उन्होंने अपने रिश्तेदारों और मित्रों को कथित तौर पर गलत तरीके से आजीवन सदस्य बनाए जाने का आरोप भी लगाया। सदस्यों ने मांग की कि संघ की सदस्यता और पदाधिकारियों के चयन की प्रक्रिया की जांच कराई जाए।
पुराने नियमों के दस्तावेजों पर भी उठाए सवाल
पूर्व खिलाड़ी अर्जुन सिंह, रोहित कुमार और पलाश कुमार दास समेत अन्य सदस्यों ने 12 नवंबर की बैठक में प्रस्तुत वर्ष 2010 के नियम एवं परिनियम की वैधता पर सवाल उठाए। उनका दावा है कि विरोध के बाद बैक डेट में हस्ताक्षर कराकर दस्तावेज तैयार किए गए। सदस्यों ने यह भी आरोप लगाया कि जेएससीए सदस्य विरेंद्र पाठक के समक्ष अपनी बात रखने पर उन्हें बिना स्पष्टीकरण दिए संघ से निलंबित करने की धमकी दी जा रही है।
जेएससीए से हस्तक्षेप और निष्पक्ष जांच की मांग
प्रदर्शनकारियों ने झारखंड राज्य क्रिकेट एसोसिएशन (जेएससीए) से पूरे मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की। उन्होंने वर्तमान कार्यकारिणी को भंग करने और कथित वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच कराने की अपील की। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि मांगों पर कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
पूर्व खिलाड़ियों का कहना है कि क्रिकेट संघ की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही जरूरी है, ताकि जिले के युवा खिलाड़ियों को उचित अवसर मिल सके और पाकुड़ में क्रिकेट गतिविधियां प्रभावित न हों।
बाइट : अर्जुन सिंह, पूर्व खिलाड़ी।

