Pakur News: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 पुड़िया और 24 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

Pakur News: पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 30 पुड़िया और 24 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तस्कर गिरफ्तार

पाकुड़: जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पाकुड़ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष छापेमारी दल (SIT) ने मुफस्सिल थाना क्षेत्र के मनीरामपुर गांव में कार्रवाई करते हुए कथित ब्राउन शुगर तस्कर सत्तार शेख को गिरफ्तार किया। उसके घर से 30 पुड़िया सूखा ब्राउन शुगर, 24 ग्राम गीला ब्राउन शुगर और 2,200 रुपये नकद बरामद किए गए।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता में बताया कि पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि मनीरामपुर गांव निवासी सत्तार शेख अपने घर से अवैध रूप से ब्राउन शुगर और अन्य मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री कर रहा है।

सूचना के सत्यापन के बाद एसपी के निर्देश पर एसआईटी का गठन किया गया। दंडाधिकारी की मौजूदगी में टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की।

घर से बरामद हुआ ब्राउन शुगर और नकदी

छापेमारी के दौरान घर में मौजूद कुछ लोग मौके से भाग निकले, लेकिन पुलिस ने सत्तार शेख को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके घर से 30 पुड़िया सूखा ब्राउन शुगर, 24 ग्राम गीला ब्राउन शुगर तथा 2,200 रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने बरामद सामग्री को जब्त कर आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

दो आरोपी फरार, तलाश जारी

एसडीपीओ कुमार गौरव ने बताया कि मामले में पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले के समशेरगंज थाना क्षेत्र के चांदपुर निवासी बेलाल शेख और अब्दुल रौफ फरार हैं। दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े पूरे नेटवर्क की भी जांच की जा रही है।

नशा कारोबार के खिलाफ अभियान जारी

पुलिस के अनुसार, हाल के दिनों में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत विभिन्न क्षेत्रों में छापेमारी कर गांजा और ब्राउन शुगर बरामद की गई है तथा कई आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा चुका है।

इस कार्रवाई में मुफस्सिल थाना प्रभारी गौरव कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक अंशु उपाध्याय, रामदुलार सिंह, गौरीशंकर प्रसाद, सहायक अवर निरीक्षक सुदामा साहा, शांति देवी, यशवंत कुशवाहा सहित एसआईटी के अन्य सदस्य शामिल रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *