नियामतपुर में बहुमंजिला इमारत की पार्किंग में आग
पश्चिम बंगाल के आसनसोल के नियामतपुर इलाके में देर रात एक बहुमंजिला अपार्टमेंट की पार्किंग में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। घटना रात करीब 1:30 बजे की बताई जा रही है। आग लगने के दौरान पार्किंग से उठे घने धुएं से पूरा इलाका भर गया।
गश्त कर रही पुलिस ने तुरंत देखा आग
घटना के वक्त नियामतपुर चौकी की RG पार्टी इलाके में गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों की नजर अपार्टमेंट की पार्किंग में लगी आग पर पड़ी। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
पुलिस ने इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला
आग और घने धुएं के बीच नियामतपुर चौकी की पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए अपार्टमेंट में रहने वाले लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके साथ ही आसनसोल दमकल विभाग को घटना की सूचना दी गई।

20 मिनट में मौके पर पहुंची दमकल की टीम
सूचना मिलने के करीब 20 मिनट के भीतर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात रही कि घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
6 बाइक और कार जलकर खाक
आग की इस घटना में पार्किंग में खड़ी 6 बाइक और एक चार पहिया वाहन पूरी तरह जलकर खाक हो गए। आग लगने के कारणों का तत्काल स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद कुल्टी थाने के प्रभारी अधिकारी अशोक सिंह महापात्र और ACP शेख जावेद हुसैन भी मौके पर पहुंचे।
न्यूज ANP के लिए पश्चिम बंगाल से अतीकुर रहमान की रिपोर्ट।

