धनबाद: कुसुम विहार में सखी बहिनपा मैथिलानी समूह, धनबाद इकाई द्वारा सावन महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर झरिया विधायक रागिनी सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। पारंपरिक वेशभूषा, लोकगीत, झूला उत्सव और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सजे इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पुष्पगुच्छ देकर किया गया स्वागत
कार्यक्रम में पहुंचने पर विधायक रागिनी सिंह का समूह की संस्थापिका आरती झा, महासचिव एवं समूह प्रभारी मनोरमा झा तथा अन्य पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
लोकगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां
सावन महोत्सव के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक मैथिली लोकगीत, झूला उत्सव, नृत्य और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति और मैथिली परंपरा की मनमोहक झलक पेश की। पूरे आयोजन में सावन की उमंग और उत्साह देखने को मिला।
महिलाओं के सशक्तिकरण पर दिया जोर
इस अवसर पर विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि सावन का पावन महीना हमारी संस्कृति, आस्था और प्रकृति का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ-साथ महिलाओं को अपनी प्रतिभा और संस्कृति के प्रदर्शन का सशक्त मंच प्रदान करते हैं।
उन्होंने कहा कि महिलाओं के बिना समाज की कल्पना अधूरी है और उनके सशक्तिकरण से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है।
सफल आयोजन के लिए दी बधाई
रागिनी सिंह ने सखी बहिनपा मैथिलानी समूह की संस्थापिका आरती झा, महासचिव मनोरमा झा एवं पूरी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत रखने और सामाजिक समरसता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने उपस्थित महिलाओं से आत्मीय संवाद किया और सभी के सुख, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाल जीवन की कामना की।
इस अवसर पर सखी बहिनपा मैथिलानी समूह की पदाधिकारी, सदस्य, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

