निरसा (धनबाद): धनबाद के सांसद ढुलू महतो ने कुमारधुबी रेलवे स्टेशन पर सात महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग उठाई है। इस संबंध में भाजपा नेता जय प्रकाश सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आसनसोल रेल मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) सौरभ मौर्य से मुलाकात कर सांसद का पत्र सौंपा।
औद्योगिक क्षेत्र होने का दिया गया हवाला
सांसद द्वारा भेजे गए पत्र में कहा गया है कि कुमारधुबी आजादी से पहले से एक प्रमुख औद्योगिक एवं व्यापारिक केंद्र रहा है। यहां भारत सरकार तथा निजी क्षेत्र की कई औद्योगिक इकाइयां संचालित हैं, जहां उत्तर प्रदेश, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और पूर्वी भारत के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में श्रमिक कार्यरत हैं। प्रतिदिन हजारों यात्रियों का इस क्षेत्र से आवागमन होता है, इसलिए स्टेशन पर अधिक ट्रेनों का ठहराव आवश्यक है।
इन सात ट्रेनों के स्टॉपेज की मांग
सांसद ने जिन ट्रेनों के ठहराव का प्रस्ताव रखा है, उनमें शामिल हैं—
- धनबाद–पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस
- जयनगर–राउरकेला एक्सप्रेस
- टाटा–जयनगर एक्सप्रेस
- रांची–भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस
- दरभंगा–सिकंदराबाद एक्सप्रेस
- कोलकाता–गाजीपुर सिटी शब्दभेदी एक्सप्रेस
- रांची–कामाख्या एक्सप्रेस
पत्र में रेल प्रशासन से इन ट्रेनों के स्टॉपेज के प्रस्ताव को प्राथमिकता देते हुए रेलवे मंत्रालय को भेजने का आग्रह किया गया है।
प्रतिनिधिमंडल ने DRM से की मुलाकात
भाजपा नेता जय प्रकाश सिंह ने बताया कि सांसद ढुलू महतो की ओर से तैयार पत्र DRM को सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि यह मांग सीधे कुमारधुबी और आसपास के हजारों यात्रियों की सुविधा से जुड़ी हुई है। यदि इन ट्रेनों का ठहराव स्वीकृत होता है तो क्षेत्र के लोगों को लंबी दूरी की यात्रा में काफी सहूलियत मिलेगी।
रेल प्रशासन के फैसले पर टिकी निगाहें
अब क्षेत्र के लोगों की नजर रेलवे प्रशासन और रेलवे मंत्रालय के निर्णय पर है। स्थानीय नागरिकों को उम्मीद है कि प्रस्ताव पर सकारात्मक विचार करते हुए कुमारधुबी स्टेशन पर इन महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाएगा, जिससे यात्रियों की वर्षों पुरानी मांग पूरी हो सकेगी।


