निरसा/धनबाद: कुमारधुबी रेलवे स्टेशन पर विभिन्न मेल, एक्सप्रेस और पैसेंजर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर गुरुवार को चिरकुंडा भाजपा मंडल की ओर से स्टेशन परिसर के समीप हस्ताक्षर अभियान चलाया गया। अभियान में बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों और रेल यात्रियों ने भाग लेकर अपनी सहमति दर्ज कराई।
अभियान का नेतृत्व भाजपा नेता जय प्रकाश सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि कुमारधुबी एक महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र है, जहां केंद्र सरकार के उपक्रमों के साथ-साथ कई निजी उद्योग और प्रशिक्षण संस्थान संचालित हैं। यहां देश के विभिन्न राज्यों, विशेषकर बिहार, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश से बड़ी संख्या में श्रमिक और कर्मचारी कार्यरत हैं। ऐसे में प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं होने से लोगों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ता है।
इन ट्रेनों के ठहराव की उठी मांग
हस्ताक्षर अभियान के दौरान भाजपा नेताओं ने मांग की कि कुमारधुबी स्टेशन पर धनबाद-पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस, जयनगर-राउरकेला एक्सप्रेस, टाटा-जयनगर एक्सप्रेस, रांची-भागलपुर वनांचल एक्सप्रेस, दरभंगा-सिकंदराबाद एक्सप्रेस, कोलकाता-गाजीपुर सिटी शब्दभेदी एक्सप्रेस, रांची-कामाख्या एक्सप्रेस सहित विभिन्न पैसेंजर ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित किया जाए।
यात्रियों ने दिया समर्थन
अभियान के दौरान स्टेशन पर आने-जाने वाले सैकड़ों यात्रियों ने हस्ताक्षर कर मांग का समर्थन किया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि इन ट्रेनों का ठहराव शुरू होता है तो धनबाद, पटना, रांची, कोलकाता और पूर्वोत्तर भारत की यात्रा करने वाले यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा और क्षेत्र की रेल संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी।
भाजपा नेताओं ने बताया कि हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से तैयार ज्ञापन रेल मंत्रालय और संबंधित रेलवे अधिकारियों को सौंपा जाएगा, ताकि क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग पर सकारात्मक निर्णय लिया जा सके।

