कोल्हान में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, 22 लाख के तीन इनामी माओवादी गिरफ्तार

कोल्हान में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई, 22 लाख के तीन इनामी माओवादी गिरफ्तार

सरायकेला: कोल्हान और सारंडा के जंगलों में सक्रिय माओवादी नेटवर्क के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में पुलिस और सीआरपीएफ को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान 22 लाख रुपये के तीन इनामी हार्डकोर माओवादियों को गिरफ्तार किया गया। सुरक्षा बलों ने उनके कब्जे से एक इंसास राइफल, एक AK-47, एक पिस्टल, कोडेक्स वायर तथा AK-47 के 250 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

तीन इनामी माओवादी गिरफ्तार, हथियार भी जब्त

गिरफ्तार आरोपियों में 15 लाख रुपये का इनामी मदन महतो उर्फ शंकर, 5 लाख रुपये का इनामी बिरेन सिंह उर्फ सागर उर्फ रवि सरदार तथा 2 लाख रुपये की इनामी मीना पहाड़िया उर्फ मौरा उर्फ नीपू शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इनकी गिरफ्तारी से क्षेत्र में सक्रिय माओवादी नेटवर्क और लेवी तंत्र को बड़ा झटका लगा है।

कई बड़े नक्सली मामलों में रही कथित संलिप्तता

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि मदन महतो करीब 25 वर्षों से माओवादी गतिविधियों से जुड़ा रहा है और उसके खिलाफ झारखंड तथा पश्चिम बंगाल में 41 मामले दर्ज हैं। जांच एजेंसियों के अनुसार उसका नाम सिलदा ईएफआर कैंप हमला, काकड़ाझोर लैंडमाइन विस्फोट, बुरुडीह डैम आईईडी ब्लास्ट, सांसद सुनील महतो हत्याकांड और टोंटो के तुम्बाहाका जंगल विस्फोट जैसे मामलों में सामने आया है।

वहीं, बिरेन सिंह उर्फ सागर के खिलाफ 43 मामले दर्ज बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार वह संगठन में रणनीतिक भूमिका निभाता था और दस्तों का नेतृत्व करने के साथ नए कैडरों को तैयार करने का कार्य करता था। मीना पहाड़िया के खिलाफ 18 मामले दर्ज हैं और उस पर विस्फोटक सामग्री, आईईडी एवं लैंडमाइन से जुड़े कार्यों में भूमिका निभाने का आरोप है।

पूछताछ में नेटवर्क से जुड़े अहम सुराग मिलने की उम्मीद

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक पूछताछ में तीनों के एक करोड़ रुपये के इनामी माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश के नेटवर्क से जुड़े होने के संकेत मिले हैं। जांच एजेंसियों को उम्मीद है कि पूछताछ से हथियारों के ठिकानों, लेवी नेटवर्क, सहयोगियों और भूमिगत दस्तों से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां मिल सकती हैं।

अभियान जारी रहने का दावा

एसपी मनोज स्वर्गियारी ने कहा कि जिले में नक्सल विरोधी अभियान लगातार जारी रहेगा और पूछताछ से मिले सुरागों के आधार पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी। वहीं सीआरपीएफ के अधिकारियों ने संयुक्त अभियान को महत्वपूर्ण सफलता बताते हुए कहा कि क्षेत्र में सक्रिय बचे हुए नक्सलियों के खिलाफ भी अभियान जारी रहेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *