झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत, 29 जुलाई तक घर-घर जाएंगे बीएलओ

झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की शुरुआत, 29 जुलाई तक घर-घर जाएंगे बीएलओ

झारखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision – SIR 2026) अभियान की शुरुआत हो गई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि 30 जून से 29 जुलाई तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे और भरे हुए प्रपत्र एकत्र करेंगे। उन्होंने सभी मतदाताओं से अभियान में सहयोग करने और समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने की अपील की है।

29 जुलाई तक चलेगा घर-घर सत्यापन अभियान

निर्वाचन विभाग के निर्देशानुसार सभी विधानसभा क्षेत्रों में बीएलओ और राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए एब्सेंट, शिफ्टेड, डेथ और डुप्लीकेट (ASDD) मतदाताओं की सही पहचान सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने कहा कि मतदाता गणना प्रपत्र प्राप्त होने के बाद उसे भरकर, फोटो चिपकाकर और हस्ताक्षर कर बीएलओ को जमा करें तथा उसकी पावती अवश्य प्राप्त करें।

योग्य मतदाता जुड़ेंगे, अपात्र नाम हटाने पर रहेगा फोकस

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।

नए मतदाताओं को फॉर्म-6 के साथ आवश्यक घोषणा पत्र एवं निर्धारित दस्तावेज जमा करने होंगे। वहीं जिन मतदाताओं का नाम पहले से पिछली विशेष पुनरीक्षित मतदाता सूची में दर्ज है, उन्हें अतिरिक्त दस्तावेज देने की आवश्यकता नहीं होगी।

फर्जी दस्तावेज बनाने पर होगी कानूनी कार्रवाई

जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने चेतावनी दी कि मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए कोई भी व्यक्ति फर्जी या अनाधिकृत दस्तावेज तैयार न कराए। यदि ऐसा कोई मामला सामने आता है तो संबंधित व्यक्ति और इसमें संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने दोहरी प्रविष्टि वाले मतदाताओं से भी अपील की कि वे अपने सामान्य निवास स्थान पर ही नाम बनाए रखें और दूसरे स्थान से निर्धारित प्रक्रिया के तहत नाम हटवाएं।

7 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची

निर्वाचन विभाग के अनुसार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रमुख समय-सीमा इस प्रकार निर्धारित की गई है:

  • 30 जून से 29 जुलाई 2026: घर-घर सर्वे और गणना प्रपत्र संग्रह
  • 5 अगस्त 2026: प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन
  • 5 अगस्त से 4 सितंबर 2026: दावा एवं आपत्ति दर्ज करने की अवधि
  • 5 अगस्त से 3 अक्टूबर 2026: दावों एवं आपत्तियों का निपटारा
  • 7 अक्टूबर 2026: अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन

सोशल मीडिया पर ट्रेंड हुआ #JharkhandSIR

मतदाता जागरूकता अभियान के तहत सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर #JharkhandSIR अभियान भी चलाया गया। जनसंपर्क विभाग के अनुसार यह अभियान दोपहर के दौरान प्लेटफॉर्म पर टॉप-3 ट्रेंड में शामिल रहा। साथ ही निर्वाचन विभाग ने मतदाताओं से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *