झरिया: हर घर तिरंगा अभियान और आगामी तिरंगा यात्रा को लेकर झरिया विधानसभा क्षेत्र में भाजपा की तैयारियां तेज हो गई हैं। झरिया विधायक रागिनी सिंह के निर्देश पर बुधवार को उनकी बड़ी बेटी शताक्षी सिंह ने झरिया के बिहार बिल्डिंग स्थित कार्यालय में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच तिरंगा झंडे वितरित किए।
वितरित किए गए तिरंगों को विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग मंडलों के माध्यम से कार्यकर्ताओं और आम लोगों तक पहुंचाने की तैयारी है। इसके साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा आयोजित कर लोगों को राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता के संदेश से जोड़ने की योजना बनाई जा रही है।
मंडल स्तर पर अभियान को गति देने की तैयारी
शताक्षी सिंह ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के माध्यम से झरिया विधानसभा क्षेत्र के अधिक से अधिक घरों तक राष्ट्रभक्ति की भावना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से मंडल स्तर पर घर-घर तिरंगा पहुंचाने और लोगों को प्रस्तावित तिरंगा यात्रा में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया।
तिरंगा यात्रा को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
शताक्षी सिंह ने कहा कि झरिया से निकलने वाली तिरंगा यात्रा राष्ट्रप्रेम, एकता और अखंडता का संदेश देने का माध्यम बनेगी। इसको लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा गया।
विधायक रागिनी सिंह ने भी कार्यकर्ताओं से तिरंगा अभियान को व्यापक स्तर पर लोगों तक पहुंचाने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रध्वज देश की राष्ट्रीय अस्मिता और नागरिकों के गौरव का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए पूरी ऊर्जा के साथ जुटने का आह्वान किया।
कार्यकर्ताओं ने लिया अभियान को सफल बनाने का संकल्प
तिरंगा वितरण के दौरान विभिन्न मंडलों के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने का संकल्प लिया। कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा को सफल बनाने के लिए मंडल स्तर पर तैयारी करने की बात कही।

कार्यक्रम में स्वरूप भट्टाचार्य, दिलीप भारती, विजय चंद्रवंशी, सौरव शर्मा, पप्पू पासवान, आलोक पंपम, पीके सिंह सहित कई भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
