जमशेदपुर। पश्चिमी सिंहभूम जिले के टोंटो थाना क्षेत्र के केन्जरा टोला तारोबबुरू में जमीन विवाद को लेकर एक आदिवासी परिवार के तीन सदस्यों की हत्या के मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा शनिवार को जमशेदपुर स्थित एमजीएम मेडिकल कॉलेज पहुंचे। तीनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम लाए गए हैं।
इस दौरान घटना में बचे परिवार के एक सदस्य ने अर्जुन मुंडा से मुलाकात कर अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई। मामले की जानकारी लेने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री ने पश्चिमी सिंहभूम के उपायुक्त और पुलिस अधीक्षक से फोन पर बात की।
पीड़ित परिवार की सुरक्षा की मांग
अर्जुन मुंडा ने तीनों शवों का तत्काल पोस्टमार्टम कराने की व्यवस्था करने और घटना में बचे परिवार के सदस्य को पर्याप्त सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय मिलना जरूरी है। जमीन विवाद से जुड़े मामलों में समय रहते प्रशासनिक हस्तक्षेप हो, ताकि विवाद हिंसक रूप न ले।
अर्जुन मुंडा ने सरकार पर साधा निशाना
घटना को लेकर अर्जुन मुंडा ने राज्य सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राज्य के भू एवं राजस्व मंत्री इसी क्षेत्र से आते हैं। इसके बावजूद जमीन विवाद में एक आदिवासी परिवार के तीन सदस्यों की हत्या होना गंभीर मामला है।
उन्होंने कहा कि इस तरह की घटनाएं सरकार और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने जमीन विवाद से जुड़े गंभीर मामलों पर तत्काल संज्ञान लेने और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
पति-पत्नी और 12 वर्षीय बेटे की हत्या
पुलिस के अनुसार, मृतकों की पहचान करीब 40 वर्षीय राजिन दोरायबुरू, उनकी करीब 38 वर्षीय पत्नी जानो दोरायबुरू और उनके 12 वर्षीय पुत्र काण्डे दोरायबुरू के रूप में हुई है।
पुलिस ने शुक्रवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया था कि बीते 26 अगस्त को रगमिया दोरायबुरू ने टोंटो थाना में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में जमीन विवाद के कारण परिवार के तीन सदस्यों की हत्या कर शव छिपाने की बात कही गई थी।
दो आरोपी गिरफ्तार, कुल्हाड़ी बरामद
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। जगन्नाथपुर एसडीपीओ राएफेल मुर्मू के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर तीनों शव बरामद किए गए।
पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई खून लगी कुल्हाड़ी भी बरामद की है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे जमीन विवाद की बात सामने आई है। पुलिस घटना में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता और हत्या से जुड़ी परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।
एमजीएम अस्पताल में अर्जुन मुंडा के भ्रमण के दौरान लीगल एड क्लीनिक के पीएलवी नागेन्द्र कुमार और जोबा रानी बास्के भी मौजूद रहे।

