धनबाद। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद की स्मृति में धनबाद विधायक राज सिन्हा की ओर से प्रियांशी होटल में सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खिलाड़ियों के साथ दिव्यांग खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया।
आयोजन के दौरान कुल 25 खिलाड़ियों को शॉल, स्मृति चिह्न और टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया। इनमें 12 दिव्यांग खिलाड़ी और 13 अन्य राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय खिलाड़ी शामिल रहे।
मेजर ध्यानचंद को श्रद्धांजलि के साथ हुई शुरुआत
कार्यक्रम की शुरुआत महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को याद करते हुए दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके बाद विभिन्न खेल विधाओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
सम्मानित खिलाड़ियों में क्रिकेट, फुटबॉल, बैडमिंटन, हॉकी, वॉलीबॉल, तैराकी, कबड्डी, बॉक्सिंग, एथलेटिक्स, ताइक्वांडो, बास्केटबॉल और तीरंदाजी सहित कई खेलों से जुड़े खिलाड़ी शामिल रहे।
राष्ट्रीय और राज्य स्तर के खिलाड़ियों का सम्मान
कार्यक्रम में संगीता सोरेन, नितिन प्रधान, अनितेश, उमेश यादव, तारक नाथ दास, तपन भट्टाचार्य, फिरोज अंसारी, जैस्मीना टोपनो, श्याना अली, लक्ष्मी कुमारी, सुलेखा कुमारी, अभिमन्यु, रिंकू कुमारी, सुजापा ठाकुर, आरोही लकड़ा और आनंदिता घोष समेत विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
इन खिलाड़ियों ने फुटबॉल, क्रिकेट, वॉलीबॉल, हॉकी, बास्केटबॉल, एथलेटिक्स, आर्चरी, बॉक्सिंग, कबड्डी, ताइक्वांडो और बैडमिंटन जैसी स्पर्धाओं में राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर प्रतिनिधित्व किया है।
दिव्यांग खिलाड़ियों को भी मिला सम्मान
समारोह में दिव्यांग खिलाड़ियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। सम्मान पाने वाले खिलाड़ियों में जमुना पासवान, अभिषेक मंडल, राजकपूर महतो, रमेश कुमार, अजय कुमार पासवान, गोविन्द प्रसाद नोनिया, गोवेर्धन रजक, राजकुमार रवानी, रमेश महतो और सीमा गोराई शामिल रहे।
इन खिलाड़ियों ने पारा फुटबॉल, पारा एथलेटिक्स, ताइक्वांडो और पारा स्विमिंग सहित विभिन्न खेलों में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया है।
राज सिन्हा बोले- खेल में भविष्य तलाशें युवा
सम्मान समारोह को संबोधित करते हुए विधायक राज सिन्हा ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य खेल और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को प्रोत्साहन मिलने से वे झारखंड और देश का मान-सम्मान बढ़ा सकते हैं।
उन्होंने खिलाड़ियों से खेल के क्षेत्र में ही अपना भविष्य तलाशने और लगातार मेहनत कर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में एंकर उत्कर्ष चौधरी ने मंच संचालन किया। मनोज मालाकार भी मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम के अंत में तारक नाथ दास ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

