जमशेदपुर: करणी सेना से जुड़े हिमांशु सिंह की हत्या के विरोध में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के आह्वान पर जमशेदपुर बंद का व्यापक असर देखने को मिला। शहर के कई प्रमुख बाजारों में दुकानें बंद रहीं, जबकि भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन करते नजर आए। कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली।
हिमांशु सिंह की हत्या बिष्टुपुर स्थित एक बार के बाहर हुई थी। इस घटना के बाद से शहर में लगातार आक्रोश बना हुआ है। भाजपा ने इस मामले में दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और घटना से जुड़े जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
बंद के दौरान शहर के विभिन्न इलाकों में व्यापारियों और स्थानीय लोगों का भी समर्थन देखने को मिला। एक दिन पहले भाजपा कार्यकर्ताओं ने घटना के विरोध में मशाल जुलूस भी निकाला था।
किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने शहर के संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की। बंद के दौरान अधिकांश स्थानों पर स्थिति शांतिपूर्ण रही और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी करती रही।
हिमांशु सिंह हत्याकांड को लेकर राजनीतिक गतिविधियां भी तेज हो गई हैं। विभिन्न संगठनों और राजनीतिक दलों की ओर से मामले में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की जा रही है।

