देश के कई हिस्सों में मॉनसून की तेज बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। उत्तर-पूर्वी राज्यों में बाढ़ के कारण लाखों लोग परेशानी झेल रहे हैं, जबकि पहाड़ी इलाकों में लगातार भूस्खलन की घटनाएं सामने आ रही हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 22 राज्यों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 से 4 दिनों तक उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में मॉनसून काफी सक्रिय रहेगा। IMD के मुताबिक हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, गुजरात, बिहार, झारखंड, ओडिशा और उत्तर-पूर्व के कई राज्यों में अलग-अलग दिनों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है।
दिल्ली-एनसीआर के लिए 30 जुलाई को येलो अलर्ट जारी
वहीं, दिल्ली-एनसीआर के लिए 30 जुलाई को येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने तेज बारिश, आंधी, तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी है। मौसम विभाग के अनुसार, 31 जुलाई को दिल्ली में अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। 1 अगस्त को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहने का अनुमान है, जिसमें हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में कैसा मौसम
दक्षिण-पश्चिम मानसून की सक्रियता के बीच राजस्थान के कई हिस्सों में गुरुवार को भारी से भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग ने बताया कि 30 जुलाई से 2 अगस्त के दौरान भी पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों में मानसून सक्रिय रहेगा. इस दौरान कई स्थानों पर मध्यम से तेज बारिश और कहीं-कहीं भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है.
यूपी में कहां-कहां बारिश
उत्तर प्रदेश में गुरुवार से मानसून सक्रिय रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक 30-31 जुलाई के दौरान पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है. 2 से 4 अगस्त के बीच पूर्वी उत्तर प्रदेश में भी भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है. इस दौरान कई इलाकों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है.
मुजफ्फरनगर, शामली, सहारनपुर, बिजनौर, बागपत, गाजियाबाद, गौतमबुद्ध नगर, हापुड़, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, आगरा, मुरादाबाद, रामपुर, अमरोहा, संभल और बरेली में भारी बारिश की संभावना है. पूर्वी यूपी की बात करें तो राजधानी लखनऊ के अलावा सीतापुर, बाराबंकी, अयोध्या, गोंडा, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, बस्ती, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, वाराणसी, प्रयागराज, मिर्जापुर और सोनभद्र में हल्की से मध्यम स्तर की बारिश हो सकती है.
31 जुलाई से 4 अगस्त तक कई हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना
बिहार का हाल
बिहार में 31 जुलाई से 4 अगस्त तक कई हिस्सों में अच्छी बारिश की संभावना है. आज कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश रहेगी, जबकि 31 जुलाई से कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है. IMD के अनुसार 30 जुलाई से 4 अगस्त के बीच 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. कुछ जगहों पर बिजली गिरने की भी संभावना है.
बता दें कि उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन ने चारधाम यात्रा को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है. प्रशासन ने चारधाम यात्रा पर रोक लगा दी है. 30 और 31 जुलाई को कई जगहों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है.

