धनबाद, 7 अगस्त: आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के एप्लाइड जियोफिजिक्स विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर प्रो. सौरभ दत्ता गुप्ता ने जापान के फुकुओका में आयोजित एशिया ओशिनिया जियोसाइंसेज सोसायटी (AOGS) 2026 सम्मेलन में हिस्सा लिया। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में उन्होंने चंद्रमा की सतह के नीचे की संरचना से जुड़े अपने शोध कार्य को प्रस्तुत किया।
प्रो. गुप्ता ने सम्मेलन के दौरान एक तकनीकी सत्र की अध्यक्षता भी की। इसके अलावा उन्होंने एक अन्य तकनीकी सत्र में सह-अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाई।
चंद्रमा की सतह के नीचे की संरचना पर शोध
सम्मेलन में प्रो. सौरभ दत्ता गुप्ता ने “Capture the Geomechanical Property in the Shallow Subsurface of the Moon Based on Waveform Analysis” विषय पर अपना शोध प्रस्तुत किया।

यह शोध फिजिकल रिसर्च लेबोरेटरी (PRL) और भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के साथ चल रही संयुक्त शोध परियोजना का हिस्सा है। अध्ययन में वेवफॉर्म एनालिसिस के माध्यम से चंद्रमा की सतह के नीचे मौजूद जियोमैकेनिकल विशेषताओं का अध्ययन किया गया है।
तकनीकी सत्र की भी संभाली जिम्मेदारी
सम्मेलन में प्रो. गुप्ता ने “Surface Science and Exploration of the Moon and Airless Planetary Bodies Including Volatiles, ISRU and Habitat” विषय पर आयोजित तकनीकी सत्र के सह-अध्यक्ष के रूप में भी अपनी जिम्मेदारी निभाई।
इस दौरान चंद्रमा और अन्य एयरलेस प्लैनेटरी बॉडीज से जुड़े वैज्ञानिक शोध एवं अन्वेषण विषयों पर चर्चा की गई।
वैश्विक शोध मंच पर IIT ISM की बढ़ती भागीदारी
AOGS पृथ्वी एवं अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय मंच है। सम्मेलन में अमेरिका, यूरोप और एशिया के विभिन्न देशों के वैज्ञानिक अपने शोध कार्य प्रस्तुत करते हैं।

प्रो. सौरभ दत्ता गुप्ता की इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में सक्रिय भागीदारी IIT (ISM) धनबाद की वैश्विक शोध जगत में मौजूदगी को रेखांकित करती है। साथ ही यह ग्रह विज्ञान और चंद्रमा से जुड़े अनुसंधान के क्षेत्र में संस्थान की शोध गतिविधियों को भी सामने लाती है।

