पाकुड़ के हिरणपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से मवेशी मजदूर की मौत

पाकुड़ के हिरणपुर में दर्दनाक सड़क हादसा, अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से मवेशी मजदूर की मौत

सुराईडीह क्रशर के पास मिला शव, पुलिस ने शुरू की जांच

पाकुड़। पाकुड़ जिले के हिरणपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय मवेशी मजदूर की मौत हो गई। तारापुर–सिउलीडांगा मार्ग स्थित सुराईडीह क्रशर के समीप अज्ञात भारी वाहन की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही जान चली गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

मवेशियों को लेकर साप्ताहिक हाट जा रहे थे सेराजुल शेख

मृतक की पहचान हिरणपुर थाना क्षेत्र के पृथ्वीनगर गांव निवासी सेराजुल शेख के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह व्यापारियों के 13 भैंसों को लेकर हिरणपुर के साप्ताहिक हाट जा रहे थे। रास्ते में शौच के लिए रुकने के बाद वह अपने साथियों से बिछड़ गए। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर साथियों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला।

स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस

कुछ समय बाद स्थानीय लोगों ने सुराईडीह क्रशर के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति का शव देखा और इसकी सूचना हिरणपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान सेराजुल शेख के रूप में की। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि किसी अज्ञात भारी वाहन ने उन्हें कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही अज्ञात वाहन की पहचान और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के संभावित साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

इस हादसे के बाद मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सेराजुल शेख अपने पीछे पत्नी और पांच बच्चों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से दुर्घटना की निष्पक्ष जांच और दोषी वाहन चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *