हिमांशु हत्याकांड पर सीएम हेमंत सोरेन का बड़ा एक्शन, जमशेदपुर SSP और सरायकेला SP निलंबित

हिमांशु हत्याकांड पर सीएम हेमंत सोरेन का बड़ा एक्शन, जमशेदपुर SSP और सरायकेला SP निलंबित

रांची/जमशेदपुर: जमशेदपुर के चर्चित हिमांशु हत्याकांड के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कानून-व्यवस्था को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। विधि-व्यवस्था बनाए रखने में कथित विफलता और आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण नहीं रख पाने के आरोप में पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) और सरायकेला-खरसावां की पुलिस अधीक्षक (SP) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। दोनों अधिकारियों को पुलिस मुख्यालय से संबद्ध किया गया है।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए कहा कि जनता की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी और किसी भी स्तर पर लापरवाही या जवाबदेही से बचने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए हैं। इसके तहत चाईबासा के आयुक्त और रांची के एडीजी को संबंधित क्षेत्र में कैंप कर प्रतिदिन स्थिति की समीक्षा करने को कहा गया है। वहीं डीआईजी को जमशेदपुर में रहकर कानून-व्यवस्था की निगरानी की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

गौरतलब है कि जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित एक बार के बाहर हिमांशु और उसके दोस्त की कुछ युवकों से विवाद हो गया था। आरोप है कि विवाद के बाद बदमाशों ने दोनों पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हिमांशु की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरे युवक का उपचार जारी है।

घटना के बाद शहर में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। विभिन्न संगठनों और व्यापारियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। विपक्ष ने भी इस मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठाए थे।

मुख्यमंत्री की इस कार्रवाई के बाद पुलिस प्रशासन में हलचल तेज हो गई है। अब मामले की जांच और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *