Bihar News: 551 सरस्वती विद्या निकेतन का उद्घाटन, बेगूसराय में बनेगा दिनकर विश्वविद्यालय

Bihar News: 551 सरस्वती विद्या निकेतन का उद्घाटन, बेगूसराय में बनेगा दिनकर विश्वविद्यालय

बेगूसराय: मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को बेगूसराय स्थित आईओसीएल स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने शिक्षा, आधारभूत संरचना और क्षेत्रीय विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

एक दिन में खुले 551 आदर्श विद्यालय

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य गुणवत्तापूर्ण, तकनीक आधारित और संस्कारयुक्त शिक्षा उपलब्ध कराना है। उन्होंने बताया कि एक ही दिन में 551 सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) शुरू किए गए हैं, जहां लगभग 4 लाख छात्र-छात्राएं शिक्षा प्राप्त करेंगे।

उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों में स्मार्ट क्लासरूम, डिजिटल स्टूडियो, आधुनिक प्रयोगशालाएं और NEET, JEE सहित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए विशेष व्यवस्था विकसित की जा रही है।

15 अगस्त से शुरू होगी FILO App की सुविधा

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में पहले ही बिहार स्कूल लाइव क्लासेज की शुरुआत हो चुकी है। अब 15 अगस्त से FILO App के माध्यम से विद्यार्थियों को लाइव और इंटरैक्टिव कक्षाओं की सुविधा मिलेगी। सरकार का उद्देश्य विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता वाली शिक्षा के लिए दूसरे राज्यों पर निर्भर नहीं रहने देना है।

उन्होंने यह भी घोषणा की कि शिक्षकों के स्थानांतरण की पारदर्शी प्रक्रिया 29 जुलाई से शुरू होगी।

बेगूसराय के लिए कई बड़ी घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने बेगूसराय और आसपास के क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की घोषणा की।

  • राष्ट्रकवि रामधारी सिंह ‘दिनकर’ के नाम पर बेगूसराय में विश्वविद्यालय की स्थापना होगी।
  • सिमरिया में 10 एकड़ भूमि पर भगवान श्री वेंकटेश्वर (तिरुपति) मंदिर बनाया जाएगा।
  • सिमरिया से भागलपुर तक गंगा किनारे मरीन ड्राइव का निर्माण कराया जाएगा।
  • रक्सौल-हल्दिया एक्सप्रेस-वे बनने के बाद बेगूसराय और मुंगेर के लोग लगभग 5 घंटे में कोलकाता पहुंच सकेंगे।

शिक्षा और रोजगार पर सरकार का जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्रों में समन्वित विकास पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि राज्य में 1 करोड़ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लक्ष्य पर तेजी से कार्य किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 1 करोड़ 81 लाख महिलाओं के खातों में 10 हजार रुपये की सहायता राशि भेजी जा चुकी है। जिन लाभार्थियों को राशि नहीं मिली है, उनके खातों में 25 जुलाई तक राशि हस्तांतरित की जाएगी।

विद्यालय का किया निरीक्षण

कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री ने बेगूसराय के बी.पी. इंटर स्कूल का उद्घाटन कर उसे सरस्वती विद्या निकेतन (आदर्श विद्यालय) के रूप में राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने विद्यालय के संगीत कक्ष, पुस्तकालय, फिजिक्स लैब, स्मार्ट क्लासरूम और छात्रों द्वारा लगाई गई विज्ञान एवं कला प्रदर्शनी का अवलोकन किया तथा विद्यार्थियों से बातचीत भी की।

कार्यक्रम में केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी, राज्य सरकार के अन्य मंत्री, जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं और आम नागरिक उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *