मुर्शिदाबाद: जिले के बड़न्या थाना क्षेत्र अंतर्गत कुली चौरास्ता मोड़ पर रविवार सुबह पॉकेटमारी के आरोप में चार महिलाओं को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। घटना के बाद इलाके में काफी देर तक अफरा-तफरी और लोगों की भीड़ जुटी रही।स्थानीय लोगों का आरोप है कि पकड़ी गई महिलाएं एक संगठित गिरोह का हिस्सा हैं, जो बसों, बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पॉकेटमारी की घटनाओं को अंजाम देती हैं। लोगों का यह भी दावा है कि ये महिलाएं भीख मांगने के बहाने घरों में प्रवेश कर मौका मिलने पर नकदी और कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाती हैं।
स्थानीय निवासी शाहजहान शेख के अनुसार, रविवार को एक बस में सफर कर रही महिला के लगभग 9 हजार रुपये चोरी कर लिए गए। आरोप है कि रकम निकालते ही उसे तुरंत दूसरी महिला को सौंप दिया गया ताकि शक से बचा जा सके। घटना पर नजर पड़ते ही स्थानीय लोगों ने सक्रियता दिखाते हुए चारों महिलाओं को कुली बाजार इलाके में पकड़ लिया।सूचना मिलने के बाद बड़न्या थाना पुलिस मौके पर पहुंची और चारों महिलाओं को हिरासत में लेकर थाने ले गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपों की सत्यता की पड़ताल की जा रही है।
बस सिंडिकेट के सचिव सानोवर शेख ने बताया कि इससे पहले भी इसी गिरोह के कुछ पुरुष सदस्यों को पॉकेटमारी के आरोप में पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया था। उनका दावा है कि पकड़ी गई महिलाएं भी पूर्व में चोरी और पॉकेटमारी के मामलों में स्थानीय लोगों के हत्थे चढ़ चुकी हैं।पुलिस सूत्रों के अनुसार, हिरासत में ली गई महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
(न्यूज़ ANP के लिए पश्चिम बंगाल से अतीकुर रहमान की रिपोर्ट)

