आसनसोल: अपने जन्मदिन को सामाजिक सरोकार से जोड़ते हुए आसनसोल उत्तर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक कृषनेन्दु मुखर्जी ने रक्तदान कर मानवता और समाजसेवा का प्रेरणादायक संदेश दिया। हीरापुर थाना क्षेत्र के बारी मैदान स्थित उत्तरायण क्लब द्वारा आयोजित एक दिवसीय रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर उन्होंने स्वयं रक्तदान किया और लोगों को भी इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया।इस अवसर पर विधायक कृषनेन्दु मुखर्जी ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा मानव सेवा कार्य है। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त किसी जरूरतमंद मरीज के लिए जीवनदान साबित हो सकता है। रक्त की कमी से कई मरीजों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है, इसलिए स्वस्थ लोगों को नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि रक्तदान शिविर केवल सामाजिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी निभाने का एक प्रभावी माध्यम है। उन्होंने युवाओं से विशेष रूप से आगे आकर रक्तदान करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की अपील की।कार्यक्रम में उत्तरायण क्लब के सचिव प्रिंस पाठक, अध्यक्ष बप्पा चटर्जी, भाजपा नेता अभिजीत राय, अनमोल सिंह, अमर बाउरी, रौनी मुखर्जी सहित क्लब के सदस्य, भाजपा कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने विधायक को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं और उनके इस सामाजिक पहल की सराहना की।
शिविर के दौरान उपस्थित वक्ताओं ने रक्तदान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नियमित रक्तदान न केवल जरूरतमंद मरीजों के लिए लाभदायक है, बल्कि यह रक्तदाता के स्वास्थ्य के लिए भी उपयोगी माना जाता है। लोगों को रक्तदान से जुड़े भ्रमों से बाहर निकलकर इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करनी चाहिए।
उल्लेखनीय है कि विधायक कृषनेन्दु मुखर्जी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा के उत्तर विधानसभा कार्यालय में भी एक रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। वहीं उनके समर्थकों ने उनकी लंबी आयु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना के लिए विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना, यज्ञ और विशेष प्रार्थनाएं भी कीं।
(न्यूज़ ANP के लिए पश्चिम बंगाल से अतीकुर रहमान की रिपोर्ट)

