सिंदरी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पर्व की तैयारी पूरी, केंद्रीय मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार होंगे मुख्य अतिथि

सिंदरी में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के 125वें स्मरण पर्व की तैयारी पूरी, केंद्रीय मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार होंगे मुख्य अतिथि

सिंदरी (धनबाद): भारतीय जनता पार्टी धनबाद ग्रामीण एवं महानगर जिला के संयुक्त तत्वावधान में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती वर्ष के अवसर पर आयोजित होने वाले स्मरण पर्व कार्यक्रम की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम 6 जुलाई 2026 को अपराह्न 3 बजे सिंदरी स्थित हर्ल (HURL) कारखाना के मुख्य द्वार पर आयोजित किया जाएगा। इसकी सफलता को लेकर रविवार को कार्यक्रम स्थल पर तैयारी बैठक आयोजित की गई।

केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार करेंगे संबोधित

भाजपा नेताओं ने बताया कि कार्यक्रम में भारत सरकार के केंद्रीय शिक्षा राज्य मंत्री डॉ. सुकांत मजूमदार मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वे कार्यकर्ताओं और आमजन को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम के माध्यम से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।

बैठक में कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने की बनी रणनीति

तैयारी बैठक में भाजपा के प्रदेश महामंत्री एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी, प्रदेश मंत्री सरोज सिंह, धनबाद महानगर प्रभारी संजीव विजयवर्गीय, धनबाद महानगर अध्यक्ष श्रवण राय, धनबाद ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार और तारा देवी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा, मंच व्यवस्था, स्वागत, साउंड सिस्टम, सजावट और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए बनाई गई जिम्मेदारियां

कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए अलग-अलग समितियों का गठन किया गया। मानस प्रसून को कार्यक्रम संयोजक बनाया गया। मंच एवं उद्घाटन सत्र की जिम्मेदारी रूपेश सिन्हा और आशीष मुखर्जी को दी गई, जबकि प्रकाश बाउरी को स्थल सज्जा, रवि शर्मा को झंडा सज्जा, अरविंद पाठक को साउंड सिस्टम और अरविंद खत्री को स्वागत कार्यक्रम का प्रभारी बनाया गया।

कार्यकर्ताओं से अधिकाधिक भागीदारी की अपील

बैठक में मौजूद नेताओं ने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक जयंती कार्यक्रम नहीं, बल्कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों और उनके योगदान को समाज तक पहुंचाने का अवसर है। कार्यक्रम को सफल और ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया।

NEWS ANP के लिए सिंदरी से राज कुमार शर्मा के साथ प्रेम प्रकाश शर्मा की रिपोर्ट।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *