धनबाद/नई दिल्ली: धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो ने मंगलवार को नई दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर धनबाद संसदीय क्षेत्र और धनबाद रेल मंडल से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जनहित मांगें उनके समक्ष रखीं। इस दौरान सांसद ने विभिन्न विषयों पर तैयार विस्तृत ज्ञापन भी रेल मंत्री को सौंपते हुए शीघ्र कार्रवाई का अनुरोध किया।
9 रेलवे फाटकों पर ROB/RUB निर्माण की मांग
सांसद ने सेतु भारतम योजना के तहत धनबाद शहर को जाम की समस्या से राहत दिलाने के लिए नौ प्रमुख रेलवे फाटकों पर रोड ओवरब्रिज (ROB) या रोड अंडरब्रिज (RUB) के निर्माण की मांग की।
ज्ञापन में जिन रेलवे फाटकों का उल्लेख किया गया, उनमें शामिल हैं—
- केंदुआ रोड (31/C/E)
- फुलारीटांड़
- गोविंदपुर
- आउटर धनबाद-बराकर लिंक
- भूली
- तिलाटांड़ गेट (कतरास)
- सोनारडीह गेट
- सिजुआ (कतरास)
- तेलमच्चो (केंदुआ लिंक)
सांसद ने सुझाव दिया कि जहां तकनीकी कारणों से ROB या RUB का निर्माण संभव नहीं हो, वहां फाटकों का चौड़ीकरण और मजबूत डिवाइडर लगाया जाए, ताकि दुर्घटनाओं और जाम की समस्या कम हो सके।
नई ट्रेनों और स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने की मांग
रेल मंत्री से मुलाकात के दौरान सांसद ढुलू महतो ने धनबाद से नई रेल सेवाएं शुरू करने और कुछ स्पेशल ट्रेनों को नियमित करने की मांग भी उठाई। उन्होंने कहा कि धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस (13351) में अत्यधिक भीड़ रहती है, इसलिए इसके लिए क्लोन ट्रेन चलाई जाए, जिससे दक्षिण भारत, विशेषकर वेल्लोर इलाज के लिए जाने वाले मरीजों और अन्य यात्रियों को सुविधा मिल सके।
इसके अलावा उन्होंने—
- धनबाद–दिल्ली स्पेशल ट्रेन को नियमित करने,
- धनबाद–चंडीगढ़ स्पेशल ट्रेन को नियमित कर भविष्य में जम्मू तक विस्तार देने,
- धनबाद–सहरसा के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन,
- धनबाद–न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन
चलाने की भी मांग रखी।
यात्रियों के लिए HO कोटा बढ़ाने का आग्रह
सांसद ने गंभीर मरीजों और आपातकालीन यात्रियों की सुविधा को देखते हुए कई प्रमुख ट्रेनों में हेड ऑफिस (HO) / आपातकालीन कोटा बढ़ाने अथवा नया HO कोटा निर्धारित करने की मांग की।
उन्होंने जिन ट्रेनों का उल्लेख किया उनमें शामिल हैं—
- मुंबई मेल (12321)
- मालदा टाउन–सूरत एक्सप्रेस (13425)
- जसीडीह–वास्को-द-गामा एक्सप्रेस (17322)
- दुर्गियाना एक्सप्रेस (12357)
- वनांचल एक्सप्रेस (13403)
- रांची–गोड्डा एक्सप्रेस (18603)
- पारसनाथ एक्सप्रेस (12942)
- सियालदह–बीकानेर एक्सप्रेस (12259)
अवैध कोयला खनन से रेल सुरक्षा पर चिंता
बैठक के दौरान सांसद ने नेताजी सुभाष चंद्र बोस जंक्शन (गोमो) के निकट रेलवे ट्रैक के पास हो रहे अवैध कोयला खनन का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि रेलवे लाइन के समीप अवैध उत्खनन से रेल सुरक्षा पर गंभीर खतरा उत्पन्न हो सकता है।
सांसद ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई, रेलवे की तकनीकी सुरक्षा जांच और संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग करते हुए इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप का अनुरोध किया।
सांसद ने जताई सकारात्मक कार्रवाई की उम्मीद
मुलाकात के बाद सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद देश की ऊर्जा राजधानी होने के साथ-साथ भारतीय रेलवे का भी एक महत्वपूर्ण केंद्र है। ऐसे में यहां की रेल संरचना को अधिक सुरक्षित, आधुनिक और यात्री सुविधाओं के अनुरूप विकसित किया जाना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना है और इन पर सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।

