न्यू टाउन हॉल में जिला स्तरीय युवा महोत्सव का आयोजन
धनबाद। न्यू टाउन हॉल में गुरुवार को जिला स्तरीय युवा महोत्सव 2026 और विकसित भारत युवा संसद 2027 के जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिला खेल कार्यालय, धनबाद और ‘माय भारत’, धनबाद के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में जिले के 200 से अधिक युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि गोपाल चंद्र ओझा और अन्य गणमान्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया।
इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ कला, संस्कृति और लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं के प्रति उनकी भागीदारी बढ़ाना था।
चित्रकला, कविता और लोकनृत्य में युवाओं ने दिखाई प्रतिभा
जिला स्तरीय युवा महोत्सव के तहत चित्रकला, कविता लेखन, नुक्कड़ नाटक, सामूहिक लोकगीत और सामूहिक लोकनृत्य प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मकता और कला का प्रदर्शन किया।
चित्रकला प्रतियोगिता में कृति अग्रवाल ने प्रथम, खुशबू कुमारी ने द्वितीय और अभिषेक चौधरी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन में रहनुमा प्रथम, शुभम कुमार झा द्वितीय और काजल कुमारी तृतीय स्थान पर रहीं।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में कला निकेतन, धनबाद ने पहला स्थान हासिल किया। पी.के. रॉय कॉलेज दूसरे और गुरु नानक कॉलेज तीसरे स्थान पर रहा। सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता में सृष्टि गोस्वामी की टीम प्रथम और टीम कलंदर द्वितीय स्थान पर रही।
सामूहिक नृत्य प्रतियोगिता में दीपशिखा दास की टीम ने पहला स्थान प्राप्त किया। पायल बनर्जी की टीम दूसरे और रिया एंड ग्रुप तीसरे स्थान पर रहा।
विजेता करेंगे राज्य स्तरीय युवा महोत्सव में धनबाद का प्रतिनिधित्व
युवा महोत्सव की विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले चयनित प्रतिभागियों को आगामी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। वे वहां धनबाद जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस उपलब्धि से प्रतिभागियों को अपनी कला और प्रतिभा को जिले से बाहर बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।

युवा संसद में ‘One Nation, One Election’ पर हुई चर्चा
कार्यक्रम के तहत ‘माय भारत’ की ओर से विकसित भारत युवा संसद 2027 का भी आयोजन किया गया। इसमें युवाओं ने ‘One Nation, One Election’ विषय पर हिंदी और अंग्रेजी में अपने विचार प्रस्तुत किए। भाषण प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ना और राष्ट्रीय महत्व के मुद्दों पर विचार रखने के लिए मंच उपलब्ध कराना था।
इस प्रतियोगिता में तनु गुप्ता ने प्रथम, छोटू कुमार ने द्वितीय और रोहिणी कुमारी मिश्रा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा संसद में भाग लेने का अवसर मिलेगा। वहां से चयनित होने पर उन्हें संसद भवन, नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होने का मौका मिलेगा।

विशेषज्ञ निर्णायकों ने किया मूल्यांकन, अतिथियों की रही मौजूदगी
प्रतियोगिताओं के निष्पक्ष मूल्यांकन के लिए अलग-अलग कला विधाओं के विशेषज्ञों को निर्णायक बनाया गया था। चित्रकला में शक्ति रविदास, जलेश्वर महतो और उर्मिला सिन्हा ने निर्णायक की भूमिका निभाई। सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता का मूल्यांकन मो. हारून रशीद, पंकज कुमार दुबे और रॉबिन कुमार चौहान ने किया। कविता लेखन में सुधा राजस्वी मिश्रा, मंजू सारण और धर्मवीर निर्णायक रहे।
नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में वशिष्ठ सिन्हा, शैलेंद्र भट्ट और कैश आलम ने मूल्यांकन किया। वहीं सामूहिक नृत्य में संजय भारद्वाज, अनुराधा, स्मृति चंद्रा और सरसी चंद्रा निर्णायक के रूप में शामिल रहे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि गोपाल चंद्र ओझा के अलावा जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा, ‘माय भारत’ के उपनिदेशक सुरकांत कुमार, विभिन्न कला संस्थानों के प्रतिनिधि तथा खेल कार्यालय और माय भारत के कर्मी मौजूद थे। आयोजन को सफल बनाने में संतोष कुमार, शुभाशीष साहा, नमिता टुडू, संदीप कुमार डे, लक्ष्मण मुर्मू और रिंकू गुप्ता का योगदान रहा। उत्साहपूर्ण माहौल में कार्यक्रम का समापन हुआ।

