धनबाद: मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR 2026) के तहत धनबाद जिले में बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन ने गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 21,15,997 मतदाताओं के इलेक्टोरल फॉर्म (EF) का डिजिटाइजेशन निर्धारित समय सीमा के भीतर 100 प्रतिशत पूरा कर लिया गया है। साथ ही 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची और 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
21 लाख से अधिक मतदाताओं का रिकॉर्ड हुआ डिजिटल
उपायुक्त ने बताया कि सिंदरी, निरसा, धनबाद, झरिया, टुंडी और बाघमारा विधानसभा क्षेत्रों के सभी पात्र मतदाताओं के ईएफ का डिजिटाइजेशन सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है।
इस प्रक्रिया के दौरान कुल 4,63,794 मतदाता एएसडीडीएफ (ASDDF) सूची में शामिल किए गए हैं। इनमें अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत, डुप्लीकेट, गणना प्रपत्र पर हस्ताक्षर नहीं करने वाले तथा विदेश में रहने वाले मतदाता शामिल हैं।
जिले में बढ़े मतदान केंद्र
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि 29 जुलाई तक मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन भी पूरा कर लिया गया है। पहले जिले में 2372 मतदान केंद्र थे, जो अब बढ़कर 2484 हो गए हैं। यानी कुल 112 नए मतदान केंद्र जोड़े गए हैं।
नई व्यवस्था के अनुसार:
- सिंदरी – 457 मतदान केंद्र
- निरसा – 422
- धनबाद – 485
- झरिया – 331
- टुंडी – 401
- बाघमारा – 388
5 अगस्त से 4 सितंबर तक कर सकेंगे दावा और आपत्ति
प्रशासन के अनुसार 5 अगस्त 2026 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होगी। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक मतदाता आवश्यक दस्तावेजों के साथ दावा एवं आपत्ति दर्ज करा सकेंगे।
उपायुक्त ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे समय पर अपने दस्तावेजों के साथ आवेदन प्रस्तुत करें। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रभावित व्यक्ति के लिए दो स्तर पर अपील की व्यवस्था भी उपलब्ध रहेगी।
7 अक्टूबर को प्रकाशित होगी अंतिम मतदाता सूची
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक सभी दावों एवं आपत्तियों का निपटारा किया जाएगा। इसके बाद 7 अक्टूबर 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी।
अधिकारियों और कर्मियों की मेहनत की सराहना
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को समय पर और त्रुटिरहित तरीके से पूरा करने में उप निर्वाचन पदाधिकारी, सभी निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, सहायक निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी, बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, बूथ लेवल एजेंट और स्वयंसेवकों ने दिन-रात मेहनत की है।
प्रेस वार्ता में उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा सहित विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी और जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

