धनबाद: सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए धनबाद परिवहन विभाग ने फिटनेस प्रमाणपत्र समाप्त होने के बावजूद संचालित हो रहे वाहनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विभाग ने ऐसे 1200 से अधिक वाहनों को ब्लैकलिस्ट कर दिया है, जिनके मालिकों ने निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक प्रक्रिया पूरी नहीं की।
जानकारी के अनुसार, परिवहन विभाग ने पहले संबंधित वाहन मालिकों को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर जिला परिवहन कार्यालय में ऑनलाइन स्लॉट बुक कर वाहन का निरीक्षण कराने और फिटनेस संबंधी प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था।विभागीय अधिकारियों ने बताया कि नोटिस जारी होने के बाद भी अधिकांश वाहन मालिकों ने नियमों का पालन नहीं किया। केवल लगभग 300 वाहन मालिकों ने ही बकाया टैक्स जमा कर आवश्यक प्रक्रिया पूरी की।
इसके बाद विभाग ने सख्त कदम उठाते हुए पहले चरण में 1200 से अधिक वाहनों को ब्लैकलिस्ट कर दिया। अब इन वाहनों के मालिक तब तक परिवहन विभाग की ऑनलाइन सेवाओं का लाभ नहीं उठा सकेंगे, जब तक वे बकाया टैक्स जमा कर फिटनेस प्रमाणपत्र से जुड़ी सभी औपचारिकताएं पूरी नहीं कर लेते।परिवहन विभाग का कहना है कि बिना फिटनेस वाले वाहन सड़क सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकते हैं। इसलिए नियमों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
विभाग ने वाहन मालिकों से अपील की है कि वे समय पर फिटनेस प्रमाणपत्र का नवीनीकरण कराएं और सभी आवश्यक दस्तावेज अद्यतन रखें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की प्रशासनिक कार्रवाई का सामना न करना पड़े।
(न्यूज़ ANP के लिए सौरभ की रिपोर्ट)

