धनबाद। स्कूली बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए धनबाद में स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया गया। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी दिवाकर सी. द्विवेदी के नेतृत्व में डीएवी मुनिडीह और डीएम पब्लिक स्कूल, पुटकी में संचालित स्कूली वाहनों की जांच की गई।
अभियान के दौरान वाहनों के दस्तावेज और नियमों के अनुपालन की बारीकी से जांच की गई।
18 स्कूली वाहनों में मिलीं दस्तावेजी खामियां
जांच के दौरान कुल 18 छोटे-बड़े स्कूली वाहनों के कागजात अधूरे या त्रुटिपूर्ण पाए गए। इनमें फिटनेस, परमिट, बीमा और प्रदूषण प्रमाण पत्र समेत अन्य जरूरी दस्तावेजों की जांच की गई।
मोटर वाहन अधिनियम के प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहनों पर कुल करीब 1 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
वाहन मालिकों और चालकों को सख्त निर्देश
परिवहन विभाग की टीम ने संबंधित वाहन मालिकों और चालकों को सभी जरूरी दस्तावेज तत्काल दुरुस्त कराने की हिदायत दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
चालकों को निर्धारित गति सीमा का पालन करने के साथ यातायात नियमों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया गया।
बच्चों की सुरक्षा को लेकर जांच अभियान
जिला परिवहन विभाग की ओर से चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य स्कूली वाहनों को निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित कराना और बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना है। अधिकारियों ने वाहन संचालकों से नियमों का पालन करने और वाहनों के सभी जरूरी दस्तावेज अपडेट रखने की अपील की।
अभियान के दौरान जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक सुनील कुमार, रोड इंजीनियर एनालिस्ट अमरेश कुमार, आईटी सहायक देवेन्द्र कुमार, मुकुल कुमार सहित संबंधित विद्यालयों के शिक्षक और कर्मी मौजूद रहे।

