धनबाद। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक बुधवार को धनबाद समाहरणालय के सभागार में सांसद ढुलू महतो की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित 100 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान जनसमस्याओं और आगामी दुर्गापूजा की तैयारियों को लेकर भी कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
दुर्गापूजा से पहले प्रमुख सड़कों की होगी मरम्मत

बैठक के बाद उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि दुर्गापूजा को देखते हुए जिले की प्रमुख क्षतिग्रस्त सड़कों को अगले 7 से 10 दिनों के भीतर मोटरेबल बनाने का लक्ष्य रखा गया है। इसमें बलियापुर रोड, मनईटांड़ समेत शहर की अन्य प्रमुख सड़कें शामिल हैं।
गोविंदपुर सहित शहर के प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखने की बात भी कही गई। वहीं, सड़कों पर जलजमाव की समस्या दूर करने और झूलते बिजली के तारों को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाने की जानकारी दी गई।
त्योहार के दौरान दोपहिया और चारपहिया वाहनों के सुगम आवागमन के लिए वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जा रही है। सड़क किनारे अनधिकृत पार्किंग करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए हैं।
जल जीवन मिशन की लंबित योजनाओं पर कार्रवाई
उपायुक्त ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत 5 से 6 बड़ी परियोजनाएं संवेदकों की लापरवाही के कारण लंबित पाई गई हैं। कार्य में शिथिलता बरतने वाले संवेदकों के अनुबंध रद्द करने की अनुशंसा राज्य सरकार को भेजी गई है।
राज्य स्तर से कार्रवाई पूरी होने के बाद इन योजनाओं को नए संवेदकों को आवंटित कर पेयजलापूर्ति से जुड़े कार्यों को तेजी से पूरा कराने की बात कही गई।
गोविंदपुर में जाम से निपटने के लिए 32 स्वयंसेवक
वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने बैठक में बताया कि गोविंदपुर में निर्बाध यातायात बनाए रखने के लिए 32 स्वयंसेवकों की सहायता ली जाएगी। इसके माध्यम से सड़क को जाम मुक्त रखने का प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम क्षेत्र की जिन सड़कों की मरम्मत एसीबी जांच के कारण प्रभावित है, उनके लिए एसीबी से अनापत्ति प्रमाण पत्र प्राप्त करने का प्रयास किया जाएगा।
बिरसा मुंडा पार्क के पास शराब दुकान के कारण आम लोगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था करने की बात भी एसएसपी ने कही।
100 से अधिक योजनाओं की हुई समीक्षा
दिशा की बैठक में मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण, डीडीयू-जीकेवाई, श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुर्बन मिशन और सांसद आदर्श ग्राम योजना की समीक्षा की गई।
इसके अलावा कृषि, सिंचाई और जल प्रबंधन से जुड़ी पीएम-किसान, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, जल जीवन मिशन, नमामि गंगे, अटल भूजल योजना और जल शक्ति अभियान समेत विभिन्न योजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई।
बैठक में अमृत 2.0, पीएम आवास योजना शहरी, स्वच्छ भारत मिशन, पीएम स्वनिधि, राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाएं, डिजिटल इंडिया, आयुष्मान भारत, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, पोषण 2.0, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, शिक्षा, पीएम पोषण, उज्ज्वला 2.0, पीएम रोजगार सृजन कार्यक्रम, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, जन-धन योजना, अटल पेंशन योजना और सुकन्या समृद्धि योजना सहित 100 से अधिक जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।
जनप्रतिनिधियों ने उठाए सड़क, पानी और बिजली से जुड़े मुद्दे
बैठक में सांसद ढुलू महतो ने जिले की सभी सड़कों को दुरुस्त करने का अनुरोध किया। सांसद चंद्र प्रकाश चौधरी ने गोविंदपुर बालाजी पेट्रोल पंप से बलियापुर और बलियापुर हिरक रोड को दुरुस्त कराने का मुद्दा उठाया।
विधायक राज सिन्हा ने माडा जलापूर्ति योजना फेज-2, धनबाद शहरी जलापूर्ति योजना फेज-2 और एसीबी जांच के कारण लंबित नगर निगम की 35 सड़कों का मामला उठाया।
विधायक शत्रुघ्न महतो ने बाघमारा ग्रामीण जलापूर्ति योजना फेज-1 और फेज-2 की धीमी प्रगति का मुद्दा उठाया। वहीं विधायक झरिया की प्रतिनिधि की ओर से झरिया अंचल कार्यालय के जर्जर भवन की मरम्मत या नए भवन निर्माण का सुझाव दिया गया।
बैठक में टुंडी के एलिफेंट कॉरिडोर, ग्रामीण विद्यालयों में शिक्षकों के राशनलाइजेशन, बीबीएमकेयू की भूमि को अतिक्रमण से बचाने के लिए सर्वे, आठ लेन सड़क को अतिक्रमण मुक्त कराने और नावाडीह में जलजमाव की समस्या के समाधान सहित कई अन्य मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

