धनबाद। देश के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा ने जिले के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक और सार्वजनिक संस्थानों में ध्वजारोहण किया। इस दौरान उन्होंने आम नागरिकों, किसानों, व्यापारियों, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस की खुशियां साझा कीं।
जगजीवन नगर से शुरू हुआ ध्वजारोहण का कार्यक्रम
विधायक राज सिन्हा ने सबसे पहले जगजीवन नगर स्थित अपने आवासीय कार्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके बाद मुनीडीह दुर्गा मंदिर परिसर, पुटकी, अटल पार्क भूली और पुराना बाजार स्थित सब्जी मंडी में किसानों एवं सब्जी विक्रेताओं के साथ ध्वजारोहण किया।
उन्होंने भवतारिणी पथ, मनईटांड़ में जिला खटीक समाज की ओर से आयोजित कार्यक्रम में भी राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
दिव्यांग बच्चों के साथ मनाया स्वतंत्रता दिवस
स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर विधायक राज सिन्हा जगजीवन नगर स्थित दिव्यांग बच्चों के विद्यालय ‘पहला कदम’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। यहां उन्होंने ध्वजारोहण किया और बच्चों के साथ स्वतंत्रता दिवस मनाया।
इस दौरान विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
शहीदों के बलिदान को किया याद
इस अवसर पर राज सिन्हा ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल उत्सव मनाने का दिन नहीं है, बल्कि यह देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर भी है।
उन्होंने कहा कि देश की आजादी अनेक बलिदानों के बाद मिली है। इसलिए राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
बच्चों और युवाओं से राष्ट्र निर्माण में योगदान की अपील
राज सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश आत्मनिर्भरता, विकास और विश्व पटल पर अपनी मजबूत पहचान की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने नागरिकों से विकसित और सशक्त भारत के निर्माण के संकल्प के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की अपील की।
उन्होंने विशेष रूप से बच्चों और युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि देश का भविष्य उनके हाथों में है। शिक्षा, अनुशासन, राष्ट्रप्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़कर युवा भारत को नई ऊंचाइयों तक ले जा सकते हैं।
कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, किसान, व्यापारी और युवा मौजूद रहे। इस दौरान ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम्’ के जयघोष के साथ राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रभक्ति का संदेश दिया गया।
मौके पर भाजपा मंडल अध्यक्ष राजाराम दत्ता, बसंती सिंह, इंद्रभूषण कुशवाहा, पुरुषोत्तम रंजन, हुल्लास दास, निर्मल प्रधान, चंदन गोस्वामी, महेंद्र शर्मा, सन्नी रवानी, संजय गोस्वामी, रिंकू उर्फ संजीव सिंह, जगबंधु मंडल, राजकुमार मंडल, भोला पांडे, राणा सिंह, टुन्ना सिंह, बालमुकुंद राम, कामदेव आनंद, संजीत सिंह, बबलू फरीदी सहित कई अन्य लोग उपस्थित रहे।

