धनबाद पुलिस को मिलीं 40 नई बोलेरो, गश्ती और डायल-112 सेवा होगी और मजबूत

धनबाद पुलिस को मिलीं 40 नई बोलेरो, गश्ती और डायल-112 सेवा होगी और मजबूत

धनबाद: झारखंड सरकार की पहल पर धनबाद पुलिस को 40 नई महिंद्रा बोलेरो गश्ती वाहन उपलब्ध कराए गए हैं। शनिवार को पुलिस लाइन धनबाद में आयोजित कार्यक्रम में उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने पूजा-अर्चना के बाद सभी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर जिले के विभिन्न थाना एवं ओपी के लिए रवाना किया।

गश्ती व्यवस्था और अपराध नियंत्रण को मिलेगी मजबूती

ये सभी बोलेरो वाहन जिले के विभिन्न थाना और ओपी में गश्ती कार्य के लिए तैनात किए जाएंगे। उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि नई गाड़ियों के शामिल होने से पुलिसिंग और अधिक प्रभावी होगी। इससे अपराध नियंत्रण, त्वरित पुलिस प्रतिक्रिया और आम नागरिकों की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

उन्होंने हाल के महीनों में धनबाद पुलिस द्वारा किए गए कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि पुलिस अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के क्षेत्र में लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है।

डायल-112 की प्रतिक्रिया होगी और तेज

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की पहल पर पुलिस मुख्यालय द्वारा धनबाद पुलिस को ये 40 नई महिंद्रा बोलेरो उपलब्ध कराई गई हैं। इनका उद्देश्य डायल-112 की प्रतिक्रिया समय में सुधार, कानून-व्यवस्था को मजबूत करना और पुलिस व्यवस्था को आधुनिक बनाना है।

उन्होंने बताया कि सभी वाहनों को संबंधित थाना एवं ओपी के लिए रवाना कर दिया गया है, जिससे पुलिस की आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमता में उल्लेखनीय सुधार होगा।

पहले भी मिल चुकी हैं बोलेरो और मोटरसाइकिलें

एसएसपी ने बताया कि इससे पहले भी धनबाद पुलिस को 40 महिंद्रा बोलेरो और विभिन्न चरणों में 145 मोटरसाइकिलें उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। इसके अलावा जल्द ही करीब 50 नई मोटरसाइकिलें भी पुलिस बेड़े में शामिल की जाएंगी।

उन्होंने कहा कि नए संसाधनों से पुलिस की परिचालन क्षमता और गश्ती व्यवस्था को और अधिक मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम में कई अधिकारी रहे मौजूद

इस अवसर पर सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, जिले के सभी डीएसपी, एसडीपीओ, थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी और जवान उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *