धनबाद: धनबाद पुलिस ने फरार अपराधी प्रिंस खान और उसके भाई गोपी खान के गिरोह के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान दो संदिग्ध अपराधियों को गोली लगने के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, घटना निरंकारी चौक के समीप हुई, जहां तीन अपराधी बाइक से लेवी वसूलने पहुंचे थे। मुठभेड़ के दौरान एक अन्य आरोपी मौके से फरार हो गया।
पुलिस के मुताबिक, गोली लगने से पुटकी निवासी नजीर अंसारी (36) और वासेपुर निवासी इरफान अंसारी (35) घायल हुए हैं। दोनों के पैर में गोली लगी है और उन्हें पुलिस की निगरानी में इलाज के लिए एसएनएमएमसीएच में भर्ती कराया गया है।
पुलिस को सूचना मिलने पर पहुंची टीम
एसएसपी प्रभात कुमार के अनुसार, पुलिस को सूचना मिली थी कि एक बाइक पर तीन अपराधी लेवी वसूलने के लिए इलाके में पहुंचे हैं। सूचना के बाद गश्ती दल मौके पर पहुंचा।
पुलिस का दावा है कि गश्ती वाहन के सामने आते ही अपराधियों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दो अपराधियों को गोली लगी।
मुठभेड़ के दौरान तीसरा आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर कार्रवाई कर रही है।
हथियार, मोबाइल और बाइक जब्त
पुलिस ने घटनास्थल से हथियार, मोबाइल फोन और बाइक बरामद करने की बात कही है। घटनास्थल की घेराबंदी कर पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।
मौके पर एसएसपी प्रभात कुमार, सिटी एसपी रित्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, मुख्यालय-1 डीएसपी कुमार विनोद समेत धनबाद और बरवाअड्डा थाना की पुलिस पहुंची।
गोपी खान से फोन पर बातचीत का दावा
एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि घायल आरोपियों में से एक अपराधी फोन पर प्रिंस खान के भाई गोपी खान से बात कर रहा था। पुलिस इस बिंदु की भी जांच कर रही है।
एसएसपी ने बताया कि दोनों घायल आरोपियों का इलाज कराया जा रहा है और फरार तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस प्रयास कर रही है।

