धनबाद नगर निगम ने मनाया NAMASTE दिवस, सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान को दी प्राथमिकता

धनबाद नगर निगम ने मनाया NAMASTE दिवस, सफाई मित्रों की सुरक्षा और सम्मान को दी प्राथमिकता

धनबाद: धनबाद नगर निगम ने मंगलवार को बाबूडीह विवाह भवन में NAMASTE (National Action for Mechanised Sanitation Ecosystem) योजना के तहत सफाई मित्रों की सुरक्षा, सम्मान और कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्वास्थ्य शिविर, सुरक्षा प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया। इस दौरान स्वास्थ्य जांच, पीपीई किट वितरण, सुरक्षा प्रशिक्षण और सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित NAMASTE दिवस का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया।

स्वास्थ्य जांच और सुरक्षा प्रशिक्षण पर दिया गया जोर

कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने कहा कि नगर निगम शहर के सभी वार्डों में स्वच्छता अभियान को प्राथमिकता के साथ संचालित कर रहा है। सफाई मित्रों के महत्वपूर्ण योगदान को देखते हुए उनके स्वास्थ्य और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। कार्यक्रम में सफाई कर्मियों को सुरक्षित कार्य प्रणाली अपनाने, सुरक्षा उपकरणों के उपयोग तथा कार्यस्थल पर सावधानी बरतने के संबंध में प्रशिक्षण भी दिया गया।

आधुनिक तकनीक से सुरक्षित होगी सफाई व्यवस्था

अधिकारियों ने बताया कि सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय तथा आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा संयुक्त रूप से संचालित NAMASTE योजना का उद्देश्य सफाई मित्रों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना, मानव को मल के सीधे संपर्क में आने से रोकना तथा आधुनिक तकनीक के माध्यम से यांत्रिक सफाई व्यवस्था को बढ़ावा देना है। इसके साथ ही स्वच्छता क्षेत्र में समूह आधारित रोजगार और उद्यमिता को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।

बड़ी संख्या में शामिल हुए सफाई मित्र

कार्यक्रम में धनबाद नगर निगम के अपर नगर आयुक्त, सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधक, नगर मिशन प्रबंधक, गार्डेन अधीक्षक, फूड इंस्पेक्टर, स्वच्छता निरीक्षक, स्वच्छता पर्यवेक्षक सहित बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी स्वच्छता कर्मियों से सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए आधुनिक और सुरक्षित सफाई व्यवस्था अपनाने की अपील की।

रिपोर्टर: संजय कुमार, न्यूज़ ANP

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *