सफाई शिकायतों पर अब तुरंत होगा एक्शन! धनबाद नगर निगम ने बनाई 78 सदस्यीय क्विक रिस्पॉन्स टीम

सफाई शिकायतों पर अब तुरंत होगा एक्शन! धनबाद नगर निगम ने बनाई 78 सदस्यीय क्विक रिस्पॉन्स टीम

धनबाद: शहर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में धनबाद नगर निगम ने बड़ा कदम उठाया है। नगर निगम प्रशासन ने 55 वार्डों में सफाई व्यवस्था के पुनर्गठन के साथ 78 सदस्यीय क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का गठन किया है। यह टीम विशेष परिस्थितियों और आपातकालीन सफाई कार्यों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

नगर निगम बोर्ड के निर्णय के बाद हुआ गठन

नगर निगम बोर्ड की 30 मार्च 2026 को आयोजित बैठक में पारित प्रस्ताव संख्या-04 के अनुपालन में यह निर्णय लिया गया। इसके तहत सभी 55 वार्डों में सफाई कर्मियों की संख्या का पुनर्समायोजन करते हुए प्रत्येक वार्ड में 13 सफाई कर्मियों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।इस प्रक्रिया के बाद विभिन्न अंचलों से 78 सफाई कर्मियों को चयनित कर क्विक रिस्पॉन्स टीम में शामिल किया गया है।

अलग-अलग अंचलों से चुने गए कर्मी

गठित टीम में विभिन्न अंचलों से सफाई कर्मियों को शामिल किया गया है। इनमें कतरास अंचल से 8, छाताटांड़ अंचल से 10, धनबाद अंचल से 40, झरिया अंचल से 10 तथा सिंदरी अंचल से 10 कर्मी शामिल हैं।नगर निगम का मानना है कि इससे शहर के विभिन्न क्षेत्रों में जरूरत पड़ने पर तत्काल सफाई व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सकेगी।

आपात स्थितियों में करेगी त्वरित कार्रवाई

क्विक रिस्पॉन्स टीम को त्योहारों, वीआईपी कार्यक्रमों, जलजमाव, कचरा निष्पादन, विशेष सफाई अभियान तथा अन्य आकस्मिक परिस्थितियों में तत्काल कार्रवाई के लिए तैयार किया गया है। टीम का मुख्य उद्देश्य सफाई संबंधी समस्याओं का तेजी से समाधान करना है।

स्वच्छ शहर बनाने की दिशा में पहल

नगर निगम प्रशासन के अनुसार इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को बेहतर और स्वच्छ शहरी वातावरण उपलब्ध कराना है। QRT के गठन से सफाई संबंधी शिकायतों का त्वरित निस्तारण संभव होगा और नगर क्षेत्र में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।नगर निगम को उम्मीद है कि नई व्यवस्था से शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार आएगा और नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *