BCCL नौकरी पाने के लिए बेटे ने रची पिता की हत्या की साजिश, 10 लाख की सुपारी देकर कराया कत्ल

BCCL नौकरी पाने के लिए बेटे ने रची पिता की हत्या की साजिश, 10 लाख की सुपारी देकर कराया कत्ल

धनबाद: बरोरा थाना क्षेत्र में सड़क किनारे मिले शव मामले का धनबाद पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार बीसीसीएल में अनुकंपा के आधार पर नौकरी पाने की मंशा से एक बेटे ने अपने ही पिता की हत्या की साजिश रची और इसके लिए 10 लाख रुपये की सुपारी दी। मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

सड़क किनारे मिला था शव

ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने गुरुवार को बताया कि 20 जून 2026 की सुबह करीब 4:45 बजे चौकीदार के माध्यम से सूचना मिली थी कि चिटाही से बरोरा जाने वाली पीसीसी सड़क के किनारे झाड़ियों के पास एक शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर बरोरा थाना कांड संख्या 31/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई।

SIT जांच में हुआ खुलासा

मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर ग्रामीण एसपी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान मृतक की पहचान तुलेश्वर नोनिया के रूप में हुई।पुलिस जांच और पूछताछ में सामने आया कि मृतक के पुत्र विजय नोनिया ने कथित तौर पर अपने पिता की हत्या कराने के लिए अखिलेश मल्लाह और अमित कुमार सिंह को 10 लाख रुपये की सुपारी दी थी।

हत्या में इस्तेमाल सामान बरामद

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त खून लगा पत्थर, घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, खून लगे कपड़े, जूते-चप्पल, गमछा और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।

तीन आरोपी गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस ने अखिलेश मल्लाह, अमित कुमार सिंह और मृतक के पुत्र विजय नोनिया को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *