जनसरोकार के मुद्दों पर विधायक राज सिन्हा का एक्शन, उपायुक्त से मिलकर रखीं कई प्रमुख मांगें

जनसरोकार के मुद्दों पर विधायक राज सिन्हा का एक्शन, उपायुक्त से मिलकर रखीं कई प्रमुख मांगें

धनबाद: धनबाद विधानसभा के विधायक एवं झारखंड विधानसभा के सचेतक राज सिन्हा ने गुरुवार को उपायुक्त आदित्य रंजन से मुलाकात कर शहर की विभिन्न जनसरोकार से जुड़ी समस्याओं पर विस्तृत चर्चा की। उन्होंने जलजमाव, क्षतिग्रस्त सड़कों, ट्रैफिक जाम और आधारभूत संरचना से जुड़े कई मुद्दों के शीघ्र समाधान की मांग की।

रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर की समस्या उठाई

विधायक ने धनबाद रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर पर मुख्य मार्ग के किनारे जलजमाव और कचरे के ढेर का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि इससे लोगों को भारी परेशानी हो रही है। इस संबंध में रेलवे और नगर निगम के बीच समन्वय बैठक कर स्थायी समाधान निकालने की आवश्यकता है। उन्होंने उपायुक्त से इस दिशा में पहल करने का आग्रह किया।

केंदुआ पुल के पास धंसी सड़क पर जताई चिंता

राज सिन्हा ने धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर केंदुआ पुल के समीप धंसी सड़क का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि पूर्व में हुई बैठक में जल्द मरम्मत कार्य शुरू करने का निर्णय लिया गया था, लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ। इस पर उपायुक्त ने संबंधित विभाग और बीसीसीएल अधिकारियों से बात कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

जलजमाव और ट्रैफिक समस्या के समाधान की मांग

विधायक ने बरसात के दौरान नवाडी समेत कई इलाकों में होने वाले जलजमाव के स्थायी समाधान की मांग की। साथ ही हीरक प्वाइंट के समीप आठ लेन मार्ग पर बढ़ते ट्रैफिक दबाव को देखते हुए फ्लाईओवर निर्माण की आवश्यकता दोहराई। उन्होंने बताया कि इस परियोजना की व्यवहार्यता रिपोर्ट पहले ही तैयार की जा चुकी है।

अन्य विकास कार्यों पर भी हुई चर्चा

बैठक में बरमसिया–बैलगड़ियां–करमाटांड सड़क निर्माण, गया पुल के समीप चौड़ीकरण कार्य के दौरान क्षतिग्रस्त पेवर ब्लॉकों की मरम्मत तथा शहर की अन्य आधारभूत सुविधाओं से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

राज सिन्हा ने कहा कि धनबाद की जनता को बेहतर सड़क, सुगम यातायात, स्वच्छता और जलनिकासी जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में अनावश्यक देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों पर संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी करने और आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *