धनबाद में विधायक राज सिन्हा का छठव्रती महिलाओं के लिए साड़ी वितरण अभियान जारी, हजारों माताओं-बहनों को दी सौगात

धनबाद में विधायक राज सिन्हा का छठव्रती महिलाओं के लिए साड़ी वितरण अभियान जारी, हजारों माताओं-बहनों को दी सौगात

धनबाद। लोक आस्था के महापर्व छठ को लेकर धनबाद विधानसभा क्षेत्र में विधायक राज सिन्हा का साड़ी वितरण अभियान लगातार जारी है। छठव्रती माताओं और बहनों के सम्मान, सहयोग और सेवा के उद्देश्य से 13 नवंबर को विधायक ने विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न शहरी और ग्रामीण इलाकों का दौरा किया। इस दौरान हजारों छठव्रती महिलाओं के बीच साड़ी, आम की लकड़ी और गंगाजल का वितरण किया गया। विधायक ने अलग-अलग स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं से मुलाकात की और उन्हें छठ महापर्व की शुभकामनाएं दीं।

कई वर्षों से जारी है साड़ी वितरण अभियान

झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा पिछले कई वर्षों से छठ महापर्व के अवसर पर यह सेवा अभियान चला रहे हैं। इसके तहत वे छठव्रती माताओं और बहनों तक पहुंचकर पूजा की तैयारियों में सहयोग करते हैं। इस बार भी अभियान के तहत साड़ी के साथ आम की लकड़ी और गंगाजल वितरित किया गया। इस पहल को छठव्रती महिलाओं के प्रति सम्मान और जनसेवा की भावना से जोड़कर देखा जा रहा है।

केंदुआ से सुदामडीह तक कई इलाकों में पहुंचे विधायक

अभियान के क्रम में विधायक राज सिन्हा केंदुआ और दुहाटांड़ स्थित वनकाली मंदिर के समीप पहुंचे। इसके बाद उन्होंने मनईटांड़ छठ तालाब का निरीक्षण कर वहां छठ पूजा की तैयारियों और संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने मनईटांड़ कुमारपट्टी सरकारी स्कूल के समीप, मनईटांड़ सब्जी बागान, गांधीनगर और रिपब्लिक मार्केट में भी महिलाओं के बीच पूजन सामग्री का वितरण किया।

इसके अलावा विधायक कोक प्लांट अंबेडकर चौक, सुदामडीह, पाथरडीह, बरारी कोक स्थित दुर्गा मंदिर के समीप और गड़ेरिया सहित अन्य क्षेत्रों में पहुंचे। इन सभी स्थानों पर बड़ी संख्या में छठव्रती महिलाएं मौजूद रहीं। स्थानीय लोगों और श्रद्धालुओं ने उनका स्वागत किया। विधायक ने महिलाओं से आत्मीय मुलाकात कर उनकी पूजा की तैयारियों के बारे में जानकारी ली।

छठव्रती माताओं-बहनों की तपस्या का सम्मान जरूरी: राज सिन्हा

इस अवसर पर विधायक राज सिन्हा ने कहा कि छठ महापर्व हमारी लोक संस्कृति, परंपरा, आस्था और सामाजिक एकता का अनुपम प्रतीक है। छठव्रती माताओं और बहनों की अटूट श्रद्धा, कठिन तपस्या और समर्पण के प्रति सम्मान प्रकट करना सभी के लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि उनकी कोशिश रहती है कि इस पावन पर्व पर समाज के अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचकर उनकी खुशियों में सहभागी बन सकें।

जनसेवा का उद्देश्य हर वर्ग के साथ खड़ा रहना

विधायक ने कहा कि जनसेवा का वास्तविक उद्देश्य केवल जनप्रतिनिधि की भूमिका निभाना नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग के साथ खड़ा रहना, उनकी आवश्यकताओं को समझना और उनके सुख-दुख में सहभागी बनना है। उन्होंने कहा कि छठ महापर्व प्रकृति के प्रति कृतज्ञता, अनुशासन, स्वच्छता, त्याग और सामाजिक समरसता का संदेश देता है।

अंत में विधायक राज सिन्हा ने छठी मैया और भगवान सूर्यदेव से समस्त धनबादवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाली की कामना की। उन्होंने सभी छठव्रती माताओं और बहनों को महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं भी दीं।

कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद

इस अभियान के दौरान इंद्रभूषण कुशवाहा, मौसम सिंह, तमाल राय, राजेश गुप्ता, दिलीप सिंह, सपन कश्यप, सतीश रजक, रवि सिन्हा, जिराखन सिंह, मोंटी सिंह, नवीन वर्मा और सदानंद बर्णवाल सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *