धनबाद में मिड डे मील की गुणवत्ता पर सख्ती, सप्ताह में दो दिन रागी लड्डू देने का प्रस्ताव

धनबाद में मिड डे मील की गुणवत्ता पर सख्ती, सप्ताह में दो दिन रागी लड्डू देने का प्रस्ताव

धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन की अध्यक्षता में मंगलवार को ‘पीएम पोषण’ योजना के तहत जिला स्तरीय स्टेयरिंग सह मॉनिटरिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में सरकारी विद्यालयों में संचालित मध्याह्न भोजन (मिड डे मील) योजना की प्रगति, गुणवत्ता, स्वच्छता और पारदर्शिता की विस्तृत समीक्षा की गई।

भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर विशेष जोर

बैठक के दौरान उपायुक्त ने निर्देश दिया कि विद्यालयों में बच्चों को परोसे जाने वाले भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाए। उन्होंने भोजन पकाने के स्थान, रसोईघर और उपयोग किए जाने वाले बर्तनों की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

साथ ही रसोइयों की व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने तथा सरकार द्वारा निर्धारित साप्ताहिक मीनू के अनुसार ही ताजा एवं पौष्टिक भोजन परोसने पर जोर दिया।

सप्ताह में दो दिन रागी लड्डू देने का प्रस्ताव

उपायुक्त ने जिला शिक्षा अधीक्षक को जिला एवं प्रखंड स्तर पर प्रतिदिन मिड डे मील की निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने बच्चों के बेहतर पोषण को ध्यान में रखते हुए सप्ताह में दो दिन मिड डे मील में रागी लड्डू शामिल करने का प्रस्ताव रखा।

उन्होंने कहा कि रागी लड्डू बच्चों को स्वाद के साथ भरपूर ऊर्जा और पोषण प्रदान करेगा तथा उनके स्वास्थ्य के लिए लाभकारी साबित होगा।

हर विद्यालय में बनेगी पोषण वाटिका

बैठक में उपायुक्त ने जिले के सभी विद्यालयों में 100 प्रतिशत पोषण वाटिका (Nutrition Garden) स्थापित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा सभी स्कूलों में जिले से उपलब्ध कराए गए फलदार पौधों का रोपण सुनिश्चित करने तथा उनकी देखभाल के लिए एक जिम्मेदार व्यक्ति नामित करने को कहा।

अन्य बिंदुओं की भी हुई समीक्षा

बैठक में बच्चों के बीच प्लेट-थाली वितरण, विद्यालयों के ऑडिट तथा पीएम पोषण योजना से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा की गई।

बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी अभिषेक झा, जिला शिक्षा अधीक्षक शालिनी डुंगडुंग सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *