JTET 2026: धनबाद के 108 केंद्रों पर 1 नवंबर को होगी परीक्षा, 48 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना

JTET 2026: धनबाद के 108 केंद्रों पर 1 नवंबर को होगी परीक्षा, 48 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना

धनबाद: झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (JTET) 2026 को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी करने की दिशा में सुरक्षा और व्यवस्था संबंधी सख्त निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा 1 नवंबर 2026, रविवार को जिले के 108 केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रशासन के अनुसार, दोनों पालियों में कुल 48 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने संयुक्त आदेश जारी किया है।

उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन, वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार और अपर जिला दंडाधिकारी (विधि-व्यवस्था) अरविंद कुमार ओझा ने परीक्षा के दौरान सुरक्षा, निगरानी और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। परीक्षा केंद्रों के आसपास भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा भी लागू रहेगी।

दो पालियों में होगी JTET परीक्षा

झारखंड अधिविद्य परिषद, रांची के तत्वावधान में आयोजित होने वाली परीक्षा दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12 बजे तक निर्धारित है। इसमें लगभग 38 हजार से अधिक अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना जताई गई है।

दूसरी पाली दोपहर 2 बजे से शाम 4:30 बजे तक आयोजित होगी। इसमें लगभग 10 हजार से अधिक परीक्षार्थियों के शामिल होने की संभावना है। प्रत्येक पाली की अवधि ढाई घंटे होगी।

परीक्षा केंद्रों पर समयबद्ध प्रवेश, अभ्यर्थियों की जांच और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।

108 परीक्षा केंद्रों के आसपास धारा 163 लागू

परीक्षा के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने सभी 108 परीक्षा केंद्रों के चारों ओर BNSS की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है।

गोपनीय परीक्षा सामग्री की सुरक्षा और केंद्रों पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पेट्रोलिंग मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी, लाठी बल और महिला पुलिस बल की तैनाती की गई है। इसके अलावा, जिले के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का औचक निरीक्षण करने के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में उड़नदस्ता दल गठित किए गए हैं। इन दलों के साथ वीडियोग्राफर भी तैनात रहेंगे।

मोबाइल, स्मार्ट वॉच और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित

प्रशासन ने परीक्षार्थियों के लिए प्रवेश संबंधी सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश और निकास के लिए केवल एक मुख्य द्वार का इस्तेमाल किया जाएगा। प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की महिला और पुरुष कर्मियों द्वारा अलग-अलग सघन शारीरिक जांच की जाएगी।

परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन, ब्लूटूथ डिवाइस, स्मार्ट वॉच, पेजर, कैलकुलेटर, डिजिटल डायरी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। बैग, पर्स, पाउच, स्कार्फ और बेल्ट सहित प्रतिबंधित वस्तुओं को भी परीक्षा परिसर में ले जाने की अनुमति नहीं होगी।

केन्द्राधीक्षक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को छोड़कर किसी अन्य वीक्षक या कर्मी को परीक्षा परिसर में मोबाइल रखने की अनुमति नहीं होगी। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे चालू रहेंगे। प्रश्नपत्रों के सीलबंद पैकेट खोलने और अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी।

नकल करने पर होगी कानूनी कार्रवाई

जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का इस्तेमाल करने वाले अभ्यर्थियों के खिलाफ झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

परीक्षा की निगरानी के लिए समाहरणालय में जिला परीक्षा नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका दूरभाष नंबर 0326-2311807 और आपातकालीन संपर्क नंबर 112 है। कार्यपालक दंडाधिकारी दीपक कुमार दुबे नियंत्रण कक्ष के प्रभारी होंगे। अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे और पुलिस उपाधीक्षक, सीसीआर, प्रदीप कुमार साव नियंत्रण कक्ष के वरीय प्रभार में रहेंगे।

पूरी विधि-व्यवस्था के वरीय प्रभार में अपर जिला दंडाधिकारी अरविंद कुमार ओझा और सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव रहेंगे।

बिजली, स्वास्थ्य और यातायात के भी विशेष इंतजाम

परीक्षा के दौरान निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। आकस्मिक स्वास्थ्य सेवाओं के लिए सिविल सर्जन की ओर से जीवनरक्षक दवाओं, चिकित्सक दल और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।

परीक्षार्थियों को केंद्रों तक पहुंचने में परेशानी न हो, इसके लिए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और विशेष पुलिस बल तैनात करने का निर्देश दिया गया है। गोपनीय परीक्षा सामग्री से जुड़े वाहनों के निर्बाध आवागमन पर भी ध्यान दिया जाएगा।

परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से परीक्षा केंद्रों, नियंत्रण कक्ष और कोषागार स्थित वज्रगृह परिसर में मीडिया प्रतिनिधियों, पत्रकारों, छायाकारों और अन्य अनधिकृत व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *