धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर मंगलवार को समाहरणालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में निदेशक डीआरडीबी राजीव रंजन एवं सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज अहमद ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की समस्याएं और शिकायतें सुनीं तथा उनके शीघ्र निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
जिलेभर से पहुंचे लोग, विभिन्न योजनाओं से जुड़े आवेदन
जनता दरबार में धनबाद, बाघमारा, तोपचांची, बरवाअड्डा, एगारकुंड, कतरास, गोविंदपुर, बैंक मोड़, बलियापुर, झरिया, महुदा, पूर्वी टुंडी, निरसा और पुटकी सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे।
इस दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, अबुआ आवास योजना, मुख्यमंत्री रोजगार सृजन योजना, पुनर्स्थापन, पेंशन, मंईयां सम्मान योजना, भूमि विवाद, जमीन आवंटन, म्यूटेशन, बकाया भुगतान, अतिक्रमण, घरेलू हिंसा, पेयजल व्यवस्था, सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, धमकी एवं मारपीट तथा नाली निर्माण से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
कई मामलों का मौके पर समाधान, विभागों को जांच के निर्देश
जनता दरबार में प्राप्त सभी आवेदनों पर अधिकारियों ने गंभीरता से विचार किया। कुछ मामलों का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को नियमानुसार त्वरित जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनता दरबार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।

