धनबाद: धनबाद के भूली ओपी क्षेत्र में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पांडरपल्ला न्यू इस्लामपुर स्थित एक मैरिज हॉल में काम कर रही महिला पर उसके पति ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SNMMCH) में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार झरिया चौथाईकुल्ही निवासी मेंहदी खातून अपने पति शहजाद उर्फ खैरु के साथ पांडरपल्ला स्थित अलहबीबी मैरिज हॉल में खाना बनाने का काम करती थी। बताया जा रहा है कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू विवाद चल रहा था और अक्सर दोनों के बीच झगड़े होते रहते थे।
रविवार सुबह जब मेंहदी खातून मैरिज हॉल की ऊपरी मंजिल पर काम कर रही थी, तभी उसका पति वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने अचानक धारदार ब्लेड से महिला के गले पर हमला कर दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घायल महिला को मैरिज हॉल के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों की मदद से तत्काल एसएनएमएमसीएच पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार महिला की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलने के बाद भूली ओपी पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़िता का बयान लेने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी। भूली ओपी प्रभारी विश्वजीत ठाकुर ने बताया कि पति-पत्नी मूल रूप से बोकारो जिले के निवासी हैं और झरिया में रहकर मैरिज हॉल में खाना बनाने का कार्य करते थे।
पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। आरोपी पति के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
यह भी पढ़ें: ब्राजील में बड़ा हवाई हादसा: रियो डी जनेरियो में दो हेलीकॉप्टरों की टक्कर, 6 लोगों की दर्दनाक मौत

