ब्राजील में रविवार को पश्चिमी रियो डी जनेरियो में हवा में दो हेलीकॉप्टर आपस में टकराकर क्रैश हो गए, जिससे जबरदस्त आग लग गई और यह आग जमीन पर खड़ी कई गाड़ियों तक फैल गई। न्यूज एजेंसी AFP के मुताबिक, यह हादसा शहर के पश्चिमी हिस्से में रेक्रेइओ डॉस बांडेइरंटेस इलाके में हुआ।
फायरफाइटर्स ने ने कहा कि हेलीकॉप्टर हवा में टकराए और एक इलेक्ट्रिक कार डीलरशिप की पार्किंग में जा गिरे, जिससे आग लग गई और कम से कम 20 गाड़ियां इसकी चपेट में आ गईं। कम से कम छह लोगों की मौत की पुष्टि हुई है; सभी मृतक हादसे का शिकार हुए विमानों के क्रू मेंबर थे।
हेलीकॉप्टर क्रैश के बाद लगी भयंकर आग
लोकल मीडिया की तस्वीरों में क्रैश वाली जगह से घना काला धुआं उठता हुआ दिखाई दिया, क्योंकि टक्कर के बाद कई गाड़ियों में आग लग गई थी।
ब्राजील के डिजिटल न्यूज पोर्टल मिक्स वेले के मुताबिक, हेलीकॉप्टर एक बंद पड़े चर्च की जमीन पर गिरे, जिसे इलेक्ट्रिक गाड़ी बनाने वाली कंपनी BYD ने लीज पर लिया था।
टक्कर के बाद एक विमान में धमाका हुआ, जिससे लगी आग तेजी से वहां खड़ी इलेक्ट्रिक गाड़ियों तक फैल गई और और भी धमाके हुए। यह क्रैश एवेनिडा दास अमेरिकास और बेथ लागो व रिवाडाविया कैंपोस सड़कों से घिरे इलाके में हुआ।
स्थानीय समय के अनुसार सुबह 9 बजे से कुछ देर पहले फ़ायर डिपार्टमेंट की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव व आग बुझाने का काम शुरू किया। मिक्स वेले के मुताबिक, अधिकारियों ने इमरजेंसी गाड़ियों के आने-जाने और लोगों की सुरक्षा के लिए एवेनिडा दास अमेरिकास की एक लेन बंद कर दी। फायरफाइटर्स सुबह करीब 10 बजे तक आग पर काबू पाने में सफल रहे और इसे और फैलने से रोक दिया।
बता दें कि ब्राजील में छोटे विमानों के हादसे आम बात हैं। पिछले महीने, दक्षिण-पूर्वी शहर बेलो होरिजोंटे में एक छोटा विमान एक इमारत से टकराकर क्रैश हो गया था, जिसमें पायलट और को-पायलट दोनों की मौत हो गई थी। हाल के महीनों में रियो डी जनेरियो में हुए सबसे घातक विमान हादसों में यह हादसा भी शामिल है।
