धनबाद में बिवरेजेस कंपनी पर देर रात औचक छापेमारी, विदेशी और देशी शराब के स्टॉक की हुई जांच

धनबाद में बिवरेजेस कंपनी पर देर रात औचक छापेमारी, विदेशी और देशी शराब के स्टॉक की हुई जांच

धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर जिला प्रशासन और उत्पाद विभाग की संयुक्त टीम ने गोविन्दपुर के देवली स्थित मेसर्स ब्लैक ब्रियू बिवरेजेस प्राइवेट लिमिटेड में देर रात औचक निरीक्षण किया। कार्रवाई के दौरान विदेशी और देशी शराब के स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया गया।

जानकारी के अनुसार, संयुक्त टीम रात करीब 1:30 बजे कंपनी परिसर पहुंची और मुख्य गेट खुलवाकर निरीक्षण शुरू किया। प्रारंभिक पूछताछ में सुरक्षा गार्ड ने बताया कि कंपनी के अधिकांश कर्मचारी शाम के बाद अपने आवास चले जाते हैं। इसके बाद उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने कंपनी के प्रबंधक को मौके पर बुलाया और उनकी मौजूदगी में स्टॉक का सत्यापन कराया।

जांच के दौरान विदेशी शराब के गोदाम में विभिन्न ब्रांडों की शराब की पेटियों की गिनती की गई। वहीं देशी शराब के गोदाम में भी उपलब्ध स्टॉक का रिकॉर्ड से मिलान किया गया। अधिकारियों ने गोदाम में रखे सभी उत्पादों का पंजी में दर्ज विवरण के साथ मिलान किया।

उपायुक्त ने बताया कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार का अवैध उत्पाद या स्टॉक में अनियमितता नहीं मिली। गोदाम और फैक्ट्री में मौजूद सभी ब्रांड कंपनी के अभिलेखों के अनुरूप पाए गए।

उन्होंने कहा कि जिले में वित्तीय और आबकारी नियमों के उल्लंघन को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस संयुक्त अभियान में गोविन्दपुर थाना पुलिस, उत्पाद विभाग के अधिकारियों और गृह रक्षकों की टीम शामिल रही।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *